मथुरा के विश्व प्रसिद्ध ठाकुर बांके बिहारी मंदिर के पास बड़ा हादसा हो गया, जब अचानक बदले मौसम की वजह से मंदिर के गेट नंबर 5 के पास गली में ऊपर से एक छज्जा टूटकर गिर गया। इस हादसे में 8-9 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसके बाद अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए वृंदावन के नजदीक अस्पताल में भर्ती कराया है।
जानकारी के मुताबिक ये हादसा बांके बिहारी मंदिर के पास हुआ, जहां निजी इमारत का जर्जर छज्जा अचानक टूट कर गिर पड़ा। आसपास के लोगों के मुताबिक़ हादसे के वक्त छज्जे पर बड़ी संख्या में बंदर बैठे हुए थे। ये छज्जा पहले से ही काफी कमजोर था, जिसकी वजह से अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गेट नंबर पाँच की गली से श्रद्धालु आते-जाते दिख रहे हैं।
इस हादसे का सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए और घायलों का समुचित उपचार करवाने और घायलों के परिजनों से संवाद कर सहायता उपलब्ध करवाने के लिए दिये निर्देश दिए हैं। सीएम ने श्रद्धालुओं के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
CMO मथुरा डॉ. राधावल्लभ ने हादसे पर जानकारी देते हुए कहा कि बांके बिहारी मंदिर के आस-पास में एक छज्जा गिरने की घटना हुई थी, जिसमें 8-9 लोग घायल हुए थे। उन्हें प्राथमिक तौर पर पहले वृंदावन लाया गया। वहां पर लोगों को भर्ती किया गया। उनमें से पांच लोगों को सिर पर चोट लगी थीं, 6 लोगों की हालत ठीक है लेकिन एक की हालत गंभीर है।
ज़िला मजिस्ट्रेट सीपी सिंह ने कहा कि ये हादसा मंगलवार शाम छह बजे के आसपास हुआ जब कुछ श्रद्धालु बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद अपने गंतव्य वापस जा रहे थे। ख़राब मौसम की वजह से मंदिर से थोड़ी ही दूर गली नंबर 5 में एक मकान के छज्जे का कुछ अंश टूटकर गिर गया। इसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। लोग अफवाह फैला रहे हैं कि मंदिर में हादसा हुआ है, यह बिल्कुल गलत है।
इस मामले में जिला प्रशासन की लापरवाही भी सामने आई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर रोज मथुरा के जिलाधिकारी बांके बिहारी जी मंदिर के आसपास की व्यवस्थाएं देखने दावे करते हैं और निरीक्षण के वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड भी करते हैं लेकिन, मंदिर के आसपास की कुंज गलियों में बने जर्जर मकानों की तरफ उनका कोई ध्यान नहीं है।
