मुंबई से लाखों की चोरी कर भागा आरोपी बहराइच में गिरफ़्तार

बहराइच। महाराष्ट्र के मुंबई के थाना गामदेवी इलाके से लाखों रुपये की चोरी कर फरार एक आरोपी को मुंबई पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बहराइच पुलिस के सहयोग से गिरफ़्तार किया है। अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अशोक कुमार ने बताया कि बहराइच के थाना रूपईडीहा अंतर्गत खैरहनिया गांव निवासी राजेंद्र चक्रवर्ती मुंबई में रहकर एक निजी फर्म में नौकरी करता था।

उन्होंने बताया क़ि बीते दिनों मौका देखकर राजेंद्र चक्रवर्ती अपने मालिक का करीब साढ़े तीन लाख रुपये चुराकर बहराइच जिला अंतर्गत स्थित अपने गांव भाग आया। उन्होंने बताया कि राजेंद्र के खिलाफ मुंबई के थाना गामदेवी में चोरी का मामला दर्ज है।

राजेंद्र को तलाशते हुए मुंबई पुलिस की टीम बहराइच आई। उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस एवं बहराइच के रूपईडीहा थाने की पुलिस ने आरोपी राजेंद्र चक्रवर्ती को खैरहनिया गांव से शुक्रवार को गिरफ्तार कर अदालत भेज दिया है। उन्होंने बताया कि अदालत से रिमांड लेकर उसे मुंबई पुलिस के हवाले किया गया है।

उन्होंने बताया कि आरंभिक पूछताछ में राजेंद्र द्वारा किसी अन्य चोरी या गबन की जानकारी नहीं मिल सकी है। मुंबई पुलिस, पूछताछ कर मामले की जांच करेगी। अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पकड़े गये आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से मात्र 29500 ही नगद बरामद हो सके हैं।

First Published on: March 20, 2021 1:16 PM
Exit mobile version