लखनऊ। लखनऊ से गाजीपुर तक जाने वाले पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्य विपक्षी दल सपा और सत्तारूढ़ भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। सपा प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को फिर दावा किया कि सपा के काम का श्रेय लेने के लिए ‘खिचम-खिंचाई’ मची है जबकि राज्य के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसते हुए पलटवार किया कि अखिलेश प्रदेश के विकास से ख़ुश होने की जगह दुखी हो गये हैं।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सपा अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, ‘यदि वह (अखिलेश) सत्ता में होते तो 2-लेन एक्सप्रेस-वे बनाते और बाकी 4-लेन का पैसा अपनी तिजोरी में भर लेते।’ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 22,500 करोड़ रुपये की लागत से बने करीब 341 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का मंगलवार दोपहर बाद सुलतानपुर में उद्घाटन करेंगे।
सपा प्रमुख ने मंगलवार को ट्वीट किया, ‘फ़ीता आया लखनऊ से और नई दिल्ली से कैंची आई, सपा के काम का श्रेय लेने को मची है ‘खिचम-खिंचाई’।’ इसी ट्वीट में आगे उन्होंने कहा, ‘आशा है कि अब तक अकेले में बैठकर लखनऊ वालों ने ‘समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे’ की लंबाई का आंकड़ा रट लिया होगा। सपा ‘बहुरंगी पुष्पवर्षा’ से इसका उद्घाटन करके एकरंगी सोच वालों को जवाब देगी।’
फ़ीता आया लखनऊ से और नयी दिल्ली से कैंची आई
सपा के काम का श्रेय लेने को मची है ‘खिचम-खिंचाई’आशा है अब तक अकेले में बैठकर लखनऊवालों ने ‘समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे’ की लंबाई का आँकड़ा रट लिया होगा।
सपा ‘बहुरंगी पुष्पवर्षा’ से इसका उद्घाटन करके एकरंगी सोचवालों को जवाब देगी। pic.twitter.com/AeHDiJYTuH
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) November 16, 2021
अखिलेश के इस ट्वीट के कुछ देर बाद उप मुख्यमंत्री मौर्य ने ट्वीट किया, ‘अखिलेश यादव प्रदेश के विकास से ख़ुश होने की जगह दुखी हो गये। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के लिए बधाई देते तो कद बढ़ता।’ उन्होंने कहा, ‘आपने सपा को 2017 से छोटा कर लिया है।’
श्री अखिलेश यादव प्रदेश के विकास से ख़ुशी होने की जगह दुःखी हो गये.पूर्वांचल एक्सप्रेसवे उद्घाटन के लिए बधाई देते तो कद बढ़ता आपने सपा को 2017 से छोटा कर लिया है ।
— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) November 16, 2021
मौर्य ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। यह पूर्वांचल में विकास के द्वार खोलेगा। इससे उत्तर प्रदेश व बिहार दोनों को फायदा होगा। यह डबल इंजन की सरकार का उपहार भी होगा। उत्तर प्रदेश की धरती पर प्रधानमंत्री जी का हार्दिक स्वागत व अभिनंदन।’
आज मा0 #PM श्री @narendramodi जी सुल्तानपुर में 1 बजे पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करेंगे।यह पूर्वांचल में विकास के द्वार खोलेगा. इससे उ0प्र0 व बिहार दोनों को फायदा होगा।यह डबल इंजन की सरकार का उपहार भी होगा।
उ0प्र0 की धरती पर मा0 प्रधानमंत्री जी का हार्दिक स्वागत व अभिनंदन। pic.twitter.com/NDPHOFUN1d— Keshav Prasad Maurya (@kpmaurya1) November 16, 2021
इससे पहले सोमवार को भाजपा ने सपा प्रमुख पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए ट्वीट किया, ‘जिस हिसाब से कागजी एक्सप्रेस-वे का झूठा ढोल अखिलेश यादव पीट रहे हैं, उनका अगला ट्वीट होगा कि “राम मंदिर भी समाजवादी पार्टी की सरकार ने बनवाया है। यह क्रेडिट भी ले ही लीजिए अखिलेश जी..जब इतना झूठ बोल दिए तो एक झूठ और सही..।’
अखिलेश यादव ने सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में पूर्वांचल एक्सप्रेस—वे की गुणवत्ता पर सवाल उठाए थे और उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर लागत कम करने के लिए गुणवत्ता से समझौता करने का आरोप लगाया। इसके बाद अखिलेश ने अपनी सरकार के समय 22 दिसंबर 2016 की समाजवादी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के शिलान्यास की एक तस्वीर ट्विटर पर साझा की जिसमें उनके समेत सपा के कुछ वरिष्ठ नेता नजर आ रहे हैं।
