नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा में प्रस्तावित फिल्म सिटी का सपना जल्द साकार होने वाला है और इसको लेकर तैयारियां भी तेज हो गईं हैं। प्राधिकरण ने कहा है कि यमुना एक्सप्रेस-वे विकास प्राधिकरण क्षेत्र में बनने वाली फिल्म सिटी की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) दो माह के अंदर तैयार हो जाएगी।
यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉक्टर अरुण वीर सिंह ने बताया कि यमुना प्राधिकरण के सेक्टर-21 में एक हजार एकड़ क्षेत्र में प्रस्तावित फिल्म सिटी की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने के लिए विशेषज्ञ कंपनियों से निविदा मांगी गई थी।
निविदा के लिए चार कंपनियों ने आवेदन किया था और सीबीआरई साउथ एशिया कंपनी का चयन इस लिहाज से किया गया है। सिंह ने बताया कि शुक्रवार को प्राधिकरण के अधिकारियों तथा कंपनी के अधिकारियों ने इस संबंध में करार किया और कंपनी दो महीने के अंदर डीपीआर देगी।
