बलिया: कतर से पति ने पत्नी को फोन पर कहा- ‘तलाक, तलाक, तलाक’

बलिया। यूपी के बलिया जिले के गड़वार थाना क्षेत्र एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को फोन पर तलाक दे दिया। महिला ने कतर में काम करने गए पति से जब ससुराल में उत्पीड़न की बात बताई तो पति ने उसे फोन पर ही तलाक दे दिया। महिला की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गड़वार थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसका विवाह आठ फरवरी 2018 को मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले कुतुबुद्दीन उस्मानी से हुआ था। शादी के तीन महीने तक साथ रहने के बाद उसका पति कतर नौकरी करने चला गया।

महिला ने बताया कि इसके बाद ससुराल में उसका उत्पीड़न शुरू हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि एक निकट सम्बन्धी ससुराल में उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। महिला ने बताया कि उसने इसकी जानकारी जब अपने पति को फोन पर दी तो पति उसे ही धमकाने लगा। बताया कि गत 28 दिसंबर 2020 को उसे ससुराल से निकाल दिया गया।

इसके बाद वह अपने मायके चली आयी। महिला ने घटना की जानकारी जब उसने फोन पर अपने पति को दी तो पति ने फोन पर ही उसे तीन तलाक दे दिया तथा कहा कि अब उसका उससे रिश्ता समाप्त हो गया। महिला ने बृहस्पतिवार को इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक संजय यादव को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।

अपर पुलिस अधीक्षक यादव ने आज बताया कि मुस्लिम महिला ने शिकायत की है। यादव ने बताया कि उन्होंने इस मामले में महिला थाने को जांच करके आवश्यक विधिक कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।

First Published on: January 8, 2021 3:36 PM
Exit mobile version