शहीद-ए-आजम के बलिदान दिवस के मौके पर चंबल क्रिकेट लीग

बिस्मिल सेना प्रमुख अजय सिंह सिकरवार ने कहा कि बागियों की यह सरजमीं खेल के मार्फत देश के साथ आज कदमताल कर रही है. यहां कई जनपदों के खिलाड़ी खेलने आ रहे हैं. शहीदों की याद में हो रहा यह आयोजन निश्चित तौर पर बदलाव की नई इबारत लिख रहा है।

जालौन। चर्चित क्रिकेट कोच, स्पोर्ट्स एंकर कमेंटेटर, बिस्मिल सेना प्रमुख, शहीदों-क्रांतिकारियों के परिजन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, और खिलाड़ी जब बीहड़ के गांव में एकत्रित हुए तो लोगों का उत्साह देखने लायक था। मौका था शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस पर आयोजित हो रही चंबल क्रिकेट लीग-2022 के उदघाटन समारोह का। चंबल के बीहड़ी गांव हुकुमपुरा में आज से चंबल क्रिकेट लीग का शुभारंभ हो गया है। ये लीग दस्यु सरगना रहे सलीम गुर्जर उर्फ पहलवान की ग्राम पंचायत हुकुमपुरा में आयोजित हो रही है। क्रिकेट लीग का आयोजन चंबल फाउंडेशन कर रहा है. उदघाटन के दिन पहला मैच रामपुरा और भिटौरा के बीच खेला गया। इस दौरान लोगों ने खेल का खूब लुत्फ उठाया।

चंबल क्रिकेट लीग उदघाटन समारोह में अतिथियों का स्वागत चंबल परिवार द्वारा शॉल और भारतीय संविधान की प्रस्तावना भेंटकर किया गया. अतिथियों ने साझे तौर पर दीप प्रज्ज्वलन कर चंबल क्रिकेट लीग की शुरुआत की. इस मौके पर चर्चित क्रिकेट कोच नीरज शर्मा ने कहा कि चंबल क्रिकेट लीग से खिलाडियों का मनोबल बढ़ेगा। खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। नीरज शर्मा ने जोर देते हुए कहा कि चंबल फाउंडेशन खेल को बढ़ावा देते हुए चंबल क्रिकेट एकेडमी की स्थापना करे, जिससे खिलाडियों को अभ्यास करने की जगह मिल सके.

सुविख्यात स्पोर्ट्स टीवी एंकर हारून राशिद ने कहा कि चंबल परिवार की इस मुहिम में शामिल होना मेरी खुशकिस्मती है. ऐसी जगह पर खेल का आयोजन ही अपने आपमें बड़ी और साहस की बात है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में ये लीग एक बड़े आयोजन में तब्दील होने की क्षमता रखती है। सभी को इसमें सहयोग करना होगा क्योंकि इस क्षेत्र के लिए ये बेहद ज़रूरी भी है.

बिस्मिल सेना प्रमुख अजय सिंह सिकरवार ने कहा कि बागियों की यह सरजमीं खेल के मार्फत देश के साथ आज कदमताल कर रही है. यहां कई जनपदों के खिलाड़ी खेलने आ रहे हैं. शहीदों की याद में हो रहा यह आयोजन निश्चित तौर पर बदलाव की नई इबारत लिख रहा है। ये बड़ी शुरुआत है। युवा इससे जुड़ेंगे और अपने क्रांतिवीरों शहीदों के बारे में भी जानेंगे।

उदघाटन समारोह की अध्यक्षता ग्राम प्रधान भोदल यादव ने की। संचालन क्रांतिवीर मुद्दत सिंह के वंशज वीरेंद्र सिंह सेंगर ने किया। चंबल फाउंडेशन के प्रमुख शाह आलम राना ने कहा कि चुनौतियों के बीच इस आयोजन की शुरुआत हुई है। भविष्य में इस क्रिकेट लीग का आयोजन भव्य होगा। खिलाड़ियों को और बड़े मौके मिलेंगे। ये बस उस दिशा में बढ़ाया गया एक कदम भर है।

उद्घाटन मैच रामपुरा और भिटौरा टीम के बीच खेला गया. रामपुरा टीम ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 91 रन बनाया। रामपुरा टीम के ओम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सर्वाधिक 51 रन बनाए। रामपुरा के 91 रनों का पीछा करते हुए भिटौरा टीम ने 92 रन का लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। भिटौरा टीम के अमरेंद्र ने 23 रन बनाते और शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 अहम विकेट भी झटक लिए। इससे भिटौरा टीम को जीत मिल गई। शानदार प्रदर्शन के लिए अमरेंद्र को मैन आफ द मैच ट्राफी प्रदान की गई। बीडीसी हरेराम दोहरे ने ये ट्रॉफी प्रदान की। अगला मैच चौरेला और बिठौली के बीच खेला जाएगा।

First Published on: March 24, 2022 12:59 PM
Exit mobile version