मुख्यमंत्री योगी का दो दिवसीय वाराणसी दौरा, काशी विश्वनाथ मंदिर में करेंगे पूजा अर्चना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 जुलाई मंगलवार से वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान वह वाराणसी के प्राचीन धर्मस्थल पर दर्शन पूजन करने के अलावा प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर मिश्र के घर मांगलिक आयोजन में शामिल होंगे। इसके अलावा वाराणसी के चाँदमारी स्थित कार्यक्रम स्थल पर शिक्षकों को कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की सौगात भी देंगे।

वाराणसी के दो दिवसीय दौरे पर वह अधिकारियों से जनपद के कानून व्यवस्था और विकास परियोजनाओं को लेकर बैठक भी कर सकते हैं। जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम करीब 6:00 बजे वाराणसी पहुंचेंगे। इसके बाद वह वाराणसी के प्राचीन धर्मस्थल श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, काशी कोतवाल काल भैरव मंदिर में दर्शन पूजन करने के लिए पहुंचेंगे।

काल भैरव मंदिर में पूजा अर्चना के बाद सीएम योगी अपने आगे का कार्यक्रम पर रहेंगे। सीएम योगी जब भी वाराणसी दौरे पर रहे हैं वह वाराणसी के इस धर्म स्थल पर दर्शन करने के लिए जरूर पहुंचे हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर मिश्र के घर मांगलिक आयोजन में भी सीएम शामिल होंगे।

वाराणसी में रात्रि विश्राम करने के बाद यूपी मुख्यमंत्री अगले दिन बुधवार को चांदमारी स्थित कार्यक्रम स्थल पर शिक्षकों को कैशलेस इलाज सुविधा की सौगात देंगे। यूपी मुख्यमंत्री का यह वाराणसी दौरा बेहद व्यस्त रहने वाला है। इस दौरान वह वाराणसी के विकास परियोजनाओं और कानून व्यवस्था को लेकर भी बैठक कर सकते हैं।

सीएम योगी के दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से बड़े स्तर पर सुरक्षा एवं व्यवस्था के इंतज़ाम किए गए हैं। मुख्यमंत्री के तमाम कार्यक्रमों को देखते हुए कई मार्गों पर रूट को डायवर्ट किया गया है। सीएम योगी के आगमन और प्रस्थान से क़रीब पौन घंटा पहले ही इन मार्गों पर आवागमन बाधित रहेगा। वहीं सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स को भी तैनात किया गया है।

First Published on: July 7, 2026 10:36 AM
Exit mobile version