नई दिल्ली: कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियां तेज करते हुए उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन किया है। पार्टी अध्यक्ष ने इन समितियों को तत्काल प्रभाव से गठित किया है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से सोमवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई।
उत्तर प्रदेश के लिए अजय माकन को स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। असलम शेख और बीवी श्रीनिवास को सदस्य नियुक्त किया गया है।
उत्तराखंड में दीपा दासमुंशी को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि अनिल चौधरी और पालभाई अंबालिया सदस्य होंगे। पंजाब में सिरिवेल्ला प्रसाद को अध्यक्ष और सचिन सावंत तथा निवेदिथ अल्वा को सदस्य बनाया गया है।
गोवा में केजे जॉर्ज को कमेटी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सतेज डी पाटिल और शफी परंबिल सदस्य होंगे। वहीं, मणिपुर में बीएम संदीप को अध्यक्ष बनाया गया है। हिबी ईडन और राजेश ठाकुर को सदस्य नियुक्त किया गया है।
विज्ञप्ति के अनुसार, संबंधित राज्यों के कांग्रेस महासचिव या प्रभारी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष, कांग्रेस विधायक दल के नेता और संबंधित महासचिव या प्रभारी से जुड़े एआईसीसी सचिव भी इन समितियों के पदेन सदस्य होंगे।
पंजाब में नए नेताओं को पार्टी में शामिल करने के लिए समिति गठित
इस बीच, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अन्य राजनीतिक दलों से कांग्रेस में शामिल होने वाले नेताओं की प्रक्रिया की निगरानी और समन्वय के लिए चार सदस्यीय समिति बनाई है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, समिति में कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य विजय इंदर सिंगला, पंजाब कांग्रेस विधायक दल की उपनेता अरुणा चौधरी, पूर्व विधायक कुशलदीप सिंह ढिल्लों और विधायक हरदेव सिंह लड्डी शामिल हैं।
पार्टी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी बाहरी नेता को कांग्रेस में शामिल करने से पहले संबंधित क्षेत्र के वरिष्ठ नेताओं और जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष से विचार-विमर्श करना अनिवार्य होगा। स्थानीय नेतृत्व की राय और समन्वय सुनिश्चित करने के बाद ही सदस्यता की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
यह निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। पार्टी का यह कदम पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठनात्मक एकजुटता बनाए रखने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।
