गौतम बुद्ध नगर जिले में अलग-अलग हादसों में चार लोगों की मौत

जनपद गौतम बुद्ध नगर में विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई।

नोएडा। जनपद गौतम बुद्ध नगर में विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई जिनमें आगरा से लौट रहे दो पर्यटक शामिल हैं। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना ईकोटेक-प्रथम क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क किनारे खड़े एक कैंटर वाहन से आगरा से ताज महल देखकर लौट रहे पर्यटकों की कार टकरा गई।

इस घटना में मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले साहिल मंडल तथा स्वप्न भट्टाचार्य की मौत हो गई। जबकि नाइजीरिया के रहने वाले तीन पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जिनमें से एक की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

उन्होंने बताया कि थाना दादरी क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में प्राची भाटी (14 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गई। उपचार के लिए प्राची को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना बीटा-2 क्षेत्र में हुए एक अन्य सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। रिंकू नामक इस युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

First Published on: October 25, 2021 1:05 PM
Exit mobile version