उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में स्थित पंचेड़ा गांव के जनता इंटर कॉलेज में रविवार को राष्ट्रीय लोकदल की तरफ से सामाजिक समरसता सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी शामिल होने के लिए पहुंचे। कार्यक्रम में जनता को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है।
इस कार्यक्रम में एक तरफ जहां क्षेत्रीय समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। वही मंच से जनता को संबोधित करते हुए जयंत चौधरी ने समाजवादी पार्टी पर हमला बोला है। जयंत चौधरी ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष के लोग जानबूझकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कह रहे हैं कि हमने किसको क्या बनाया।”
जयंत चौधरी ने कहा कि, “मैं उनके दल के प्रदेश अध्यक्ष से सवाल पूछना चाहता हूं कि वह किस समाज को कह रहे थे कि वह समाज गिरा हुआ समाज था और हमने उसे उठाया। वह किस समाज का वर्णन कर रहे थे, अगर हिम्मत है तो ये भी बता दे कि वह कौन सा समाज था।”
जयंत चौधरी ने आगे कहा, “ये वह समाज है जिस समाज से चौधरी चरण सिंह निकले हैं। जिसने महान अहिल्याबाई होल्कर जैसी शासक देखी है। यह वह समाज है जिसके नेता बाबा भीमराव अंबेडकर रहे हैं। आप उसको गिरा हुआ समाज बता रहे हो?” जयंत चौधरी ने कहा, “मैं चेताना चाहता हूं कि अगर मेरे दल का प्रदेश अध्यक्ष किसी समाज के लिए टिप्पणी करता तो वह एक भी दिन हमारे दल का अध्यक्ष नहीं रह सकता था।
रालोद नेता ने यह भी कहा, “मेरी लड़ाई किसी व्यक्तिगत से नहीं है लेकिन अगर समाज पर टिप्पणी करोगे तो सबसे पहले समाज के लिए सिपाही मैं बनकर खड़ा होऊंगा।”
