UP में बड़े स्तर पर वरिष्ठ IAS अफसरों के तबादले, बदले गए 10 अधिकारियों के विभाग

उत्तर प्रदेश सरकार ने 10 वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के विभाग बदले है। रणवीर प्रसाद को ऊर्जा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि अमृत अभिजात को परिवहन विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। ऊर्जा विभाग में बदलाव लगातार आ रही बिजली की शिकायतों के बाद किया गया है।

वहीं, अमित कुमार घोष को अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और चिकित्सा शिक्षा की विभाग से हटा कर उच्च शिक्षा विभाग में तैनाती की है। वहीं, अब चिकित्सा शिक्षा की जिम्मेदारी वी हेकाली झिमोमी को दी गई है। अभी तक उनके पास वन एवं पर्यावरण विभाग था।

आशीष गोयल का विभाग बदला

ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवालों के बीच डॉ। आशीष कुमार गोयल को ऊर्जा विभाग से हटाकर श्रम एवं सेवायोजन विभाग भेजा गया है। उनकी जगह रणवीर प्रसाद को प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें यूपी पावर कॉरपोरेशन, पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन, राज्य विद्युत उत्पादन निगम और यूपीएसएलडीसी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी दी गई है।

अमृत अभिजात को परिवहन की जिम्मेदारी

अमृत अभिजात को पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग के साथ अपर मुख्य सचिव परिवहन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। डॉ. एमकेएस सुंदरम को कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव बनाए गए हैं। वहीं रविंद्र को प्रमुख सचिव पंचायती राज बनाया गया है।

अनिल कुमार को पंचायती राज से हटाकर प्रमुख सचिव खाद्य एवं रसद, उपभोक्ता मामले तथा आयुक्त खाद्य एवं रसद की जिम्मेदारी दी गई है। महेंद्र प्रसाद अग्रवाल को उच्च शिक्षा से हटाकर प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन बनाया गया है। अमित गुप्ता को स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन के साथ प्राविधिक शिक्षा विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

First Published on: September 21, 2026 10:12 AM
Exit mobile version