BSP से निकाले गए विधायक लालजी वर्मा और राम अचल राजभर

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के नेता लालजी वर्मा और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में बसपा सुप्रीमो मायावती ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बृहस्पतिवार को उन्हें पार्टी से निकाल दिया।

बसपा द्वारा जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक आंबेडकरनगर की कटेहरी सीट से विधायक लालजी वर्मा और आंबेडकरनगर के ही अकबरपुर क्षेत्र से विधायक राम अचल राजभर को हाल में संपन्न पंचायत चुनावों के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के आरोप में तत्काल प्रभाव से बसपा से निष्कासित कर दिया गया है।

बयान के मुताबिक लालजी वर्मा की जगह अब आजमगढ़ की मुबारकपुर सीट से बसपा विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली अब विधानसभा में बसपा के नेता होंगे। पार्टी के सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे भविष्य में लालजी वर्मा और राम अचल राजभर को पार्टी के किसी भी कार्यक्रम में नहीं बुलाएं और ना ही भविष्य में यह दोनों बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ पाएंगे।

First Published on: June 3, 2021 4:56 PM
Exit mobile version