चीनी व्यक्ति की कार लूटने वाला कुख्यात अपराधी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा में एक्सप्रेस-वे थाने की पुलिस ने मंगलवार देर रात मुठभेड़ के बाद कुख्यात बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ में बदमाश जख्मी हो गया है। उसके पास से पुलिस ने एक बाइक, देसी तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं। बदमाश पर अपहरण, हत्या के प्रयास, लूटपाट के 20 से ज्यादा मामले चल रहे हैं। उसने एक वर्ष पूर्व एक चीनी नागरिक का अपहरण कर उसकी कार लूटी थी।

अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) रणविजय सिंह ने बताया कि एक्सप्रेस-वे थाने की पुलिस ने सेक्टर 128 पुश्ते के पास चेकिंग कर रही थी, तभी बाइक सवार दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो, बदमाशों ने रूकने के बजाय पुलिस टीम पर गोली चला दी। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली मुस्तकीम उर्फ मुक्की नामक बदमाश के पैर में लगी। सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुस्तकीम को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसके फरार साथी की तलाश कर रही है।

First Published on: October 14, 2020 9:35 AM
Exit mobile version