उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर और समाजवादी पार्टी के मुखिया व पूर्व सीएम अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग तेज होती जा रही है। मंत्री ओम प्रकाश राजभर पूर्व सीएम अखिलेश यादव को घेरने का मौका नहीं छोड़ रहे हैं, एक बार फिर ओपी राजभर ने अखिलेश यादव पर बड़ा जुबानी हमला बोला है।
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अपनी एक्स पोस्ट पर कहा, “मित्र अखिलेश यादव, देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत। बलिया में सैकड़ों की तादाद में आपके गुंडे मेरे खिलाफ सड़क पर उतर आए। क्यों? क्योंकि मैं सच लिख रहा हूं, और सच आपको पच नहीं रहा। यही तो आप लोगों की पुरानी मानसिकता रही है। हमेशा से आप लोग गैर-यादव ओबीसी समाज के प्रति हेय दृष्टि रखते आए हैं।”
योगी के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि, “हम मुर्दाबाद के नारों और काले कपड़ों से विचलित होने वालों में से नहीं हैं। हम तो उस समाज से हैं जिसके मुर्दाबाद के नारे आपके स्वजातीय हमेशा से लगाते आए हैं। रही बात काले कपड़ों की तो हमें काला रंग बहुत पसंद है, दिखाइये जितना दिखा सकते हैं।”
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को चैलेंज कर आप और आपके गुंडों में अगर दम है तो लोकतांत्रिक ढंग से लड़ें। आओ मैदान में, चुनाव में दम दिखाओ। काला लाल हरा जो दिखाना है, दिखा लेना आप लोग। भगवा फिर भी लहरा के रहेगा। और हां….आपके गुंडों के जवाब में अगर जनता सड़क पर उतर आई तो कहीं के नहीं रहोगे।
मंत्री ने कहा कि, “ओम प्रकाश राजभर सपाई गुंडों से डरने वाला नहीं है। हम तो जमीन से आए और जमीन पर ही रहते हैं। हमें ऐसे लम्पटों का सामना करना अच्छे से जानता है। संघर्ष से उपजा हूं। समाज की लड़ाई लड़ता आया हूं। अपने गुंडों को संभाल लीजिए महाराज, नहीं तो ये योगी सरकार है, गुंडों का इलाज बेहतर ढंग से करना खूब आता है। असली ओबीसी समाज अब जाग चुका है। नक्काल परेशान हैं।”
