विपक्ष कर रहा अनर्गल बयानबाजी : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को नहीं मालूम, कि वह क्या बोल रहे हैं। कौन सी बात कब करनी चाहिए। अगर उन्हें पता होता तो 2014 और 2019 में जनता उन्हें जवाब नहीं देती। ये जनता द्वारा पिटे हुए मोहरे हैं और अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। राहुल गांधी को याद करना चाहिए कि कांग्रेस सरकार में क्या-क्या गुल खिलाये गये।

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के केंद्र सरकार से साहूकार की तरह से व्यवहार नहीं करने के बयान पर निशाना साधा है। उन्होंने शनिवार को कहा कि राहुल गांधी को कुछ बोलने से पहले कांग्रेस सरकार में हुए घोटालों को याद कर लेना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को नहीं मालूम, कि वह क्या बोल रहे हैं। कौन सी बात कब करनी चाहिए। अगर उन्हें पता होता तो 2014 और 2019 में जनता उन्हें जवाब नहीं देती। ये जनता द्वारा पिटे हुए मोहरे हैं और अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। राहुल गांधी को याद करना चाहिए कि कांग्रेस सरकार में क्या-क्या गुल खिलाये गये। कॉमनवेल्थ घोटाला सहित घपलों को यदि वह याद करते तो इस तरह के बयानों से परहेज करते।
वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा द्वारा लगातार उत्तर प्रदेश सरकार को दी जा रही सलाह, पत्र लिखने आदि पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुझाव देना ही नहीं बल्कि उस पर अमल भी करना चाहिए।

उन्होंने कोरोना के खिलाफ लड़ाई विपक्ष के साथ मिलकर लड़ने पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच बार मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद कर चुके हैं। उनकी समस्याओं का समाधान करने का काम किया गया है। देश को स्वयं चार बार सम्बोधित कर चुके हैं। सभी राजनीतिक दलों के प्रमुखों के साथ बातचीत की गई है। देश के संवैधानिक ढांचे के मुताबिक पहली बार कोई सरकार इस तरह काम कर रही है। ऐसे में भी कांग्रेस, समाजवादी पार्टी सहित अन्य दल नकारात्मक राजनीति कर रहे हैं। ये एक कुत्सित प्रयास है।

First Published on: May 16, 2020 6:52 PM
Exit mobile version