नोएडा में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पकड़ा इनामी बदमाश

नोएडा। थाना नॉलेज पार्क पुलिस और बदमाशों के बीच सोमवार देर रात को मुठभेड़ हो गई। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई जिसके बाद गोली लगने से एक 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने उसे इलाज के लिए भर्ती कराया है। इस मामले में अपर पुलिस उपायुक्त विशाल पांडे ने बताया कि थाना नॉलेज पार्क पुलिस सोमवार देर रात चेकिंग कर रही थी। तभी बाइक पर सवार होकर दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए।

उन्होंने बताया कि जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नियत से गोली चला दी। उन्होंने बताया कि जवाबी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली अबरार निवासी दनकौर नामक बदमाश के पैर में लगी है।

बदमाश को उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके पास से पुलिस ने एक मोटरसाइकिल, देसी तमंचा व कारतूस आदि बरामद किया है। बताया कि उक्त बदमाश पर लूटपाट व डकैती के कई मामले पूर्व में दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। उसके फरार साथी सलमान की पुलिस तलाश कर रही है।

First Published on: September 8, 2020 1:08 PM
Exit mobile version