उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद में पीपीगंज थाना क्षेत्र में बीटी 27 अक्टूबर को युवाओं के दो गैंग AK-47 और रेड गैंग के बीच जमकर मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी। इसका वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कम्प मच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 21 लोगों को गिरफ्तार किया,वहीं पुलिस ने 10 आरोपियों की लंगड़ाते हुए परेड भी कराई। इसमें तीन नाबालिग भी शामिल हैं।
एसएसपी राजकरन नय्यर ने लापरवाही को देखते हुए थाना प्रभारी समेत चार सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही बाकी आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
जानकारी के मुताबिक 27 अक्टूबर को पीपीगंज थाना क्षेत्र के अकटहवा पुल पर डोमरा और नरकहटा के दो गुटों के पीच लाइब्रेरी में लड़की से छेड़छाड़ को लेकर विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों ही गुटों में भिडंत हो गयी। दोनों गुटों ने लाठी-डंडों और फायरिंग कर हमला किया। इसमें छह से अधिक घायल भी हुए।
इस घटना से पूरे इलाके में दहशत भी फ़ैल गयी, घायलों को महाराजगंज के पनियारा स्थित सीएचसी में भर्ती कराया गया था। दो थाना क्षेत्रों में वारदात होने की बात कहकर पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद जब वीडियो वायरल हुआ तो एसएसपी ने थाना प्रभारी प्रभु दयाल सिंह और चार सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों गुटों ने व्हाट्सएप पर ‘AK-47’ और ‘रेड गैंग’ नाम से ग्रुप बनाए हुए हैं। यहां वे अपने कारनामों को दिखाते हैं और अपना दबदबा दिखाने के लिए गैंगवार करते हैं। इसमें ज्यादातर कम उम्र के युवक हैं। आए दिन इनकी हरकतों से स्थानीय लोगों में भी इनकी खासा दहशत है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू करते हुए 21 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसमें तीन नाबालिग भी हैं। पुलिस ने 10 आरोपियों की परेड भी करवाई, जिसका एक वीडियो भी वायरल है जिसमें सभी लंगड़ाते हुए दिख रहे हैं।
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि AK-47 गैंग द्वारा मारपीट और फायरिंग का मामला था। अब तक 21 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिसमें सचिन कनौजिया, बालकृष्ण और सनी यादव शामिल हैं। मामले की जांच जारी है, और गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों को भी जल्द पकड़ा जाएगा।
