यूपी के स्कूलों में 23,213 पदों पर होगी भर्ती

उत्तर प्रदेश शिक्षा निदेशालय ने बड़ी पहल करते हुए 23,213 रिक्त पदों का रिक्विजिशन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को भेज दिया है। इससे लाखों अभ्यर्थियों को राहत मिली है, जो शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे थे। जल्द ही इन पदों पर सिलेक्शन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कार्यालय, प्रयागराज की ओर से आयोग को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि प्रदेश के हजारों एडेड स्कूलों में संस्था प्रधान और शिक्षकों के पद लंबे समय से खाली हैं। इन पदों को सीधी भर्ती से भरा जाएगा। जनपदों से तय प्रारूप पर जानकारी जुटाई गई और उसी के आधार पर यह मांग आयोग से की गई है। यूपी में कुल 4512 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय हैं। इनमें से 4479 विद्यालयों का पूरा विवरण जुटाकर आयोग को भेजा गया है। यानी अब भर्ती प्रक्रिया शुरू होने का रास्ता लगभग साफ हो चुका है।

कितने पदों पर होगी भर्ती : प्रधानाचार्य – 1502 पद, प्रधानाध्यापक – 1003 पद, प्रवक्ता – 2705 पद, सहायक अध्यापक – 16,114 पद और संबद्ध प्राइमरी के सहायक अध्यापक – 1889 पदों पर भर्ती होगी।

स्कूलों में पद खाली होने का सीधा असर पढ़ाई पर दिख रहा था। कई जगह एक ही शिक्षक को गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे अलग-अलग विषय पढ़ाने पड़ रहे थे। प्रधानाचार्य या प्रधानाध्यापक न होने से प्रशासनिक काम भी प्रभावित हो रहे थे। बच्चों की नियमित पढ़ाई, समय पर परीक्षा और स्कूल की व्यवस्था सब पर असर पड़ रहा था। शिक्षा विभाग का मानना है कि इन पदों पर भर्ती होने के बाद स्कूलों की हालत सुधरेगी। बच्चों को विषय के अनुसार शिक्षक मिलेंगे और पढ़ाई की गुणवत्ता बेहतर होगी।

इस बार भर्ती प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए तकनीक का सहारा लिया जा रहा है। एनआईसी लखनऊ द्वारा तैयार ई-रिक्विजिशन पोर्टल पर इन सभी रिक्त पदों का डाटा ऑनलाइन अपलोड किया जा रहा है। यानी कागजी काम के साथ-साथ डिजिटल रिकॉर्ड भी तैयार हो रहा है, ताकि आगे किसी तरह की दिक्कत न आए। ज्यादा डिटेल्स के लिए कैंडिडेट्स आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाकर रखें।

First Published on: May 15, 2026 6:27 PM
Exit mobile version