‘गाय बचाओ-किसान बचाओ’ पदयात्रा पर चली यूपी पुलिस की लाठी, कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल

ललितपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत ने बताया कि, "प्रदेश अध्यक्ष की अगुआई में आज 'गाय बचाओ-किसान बचाओ' पदयात्रा के दौरान गौशाला जाते हुए डेढ़-दो सौ पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बल प्रयोग कर दैलवारा कस्बे से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के बल प्रयोग करने पर करीब दो दर्जन कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं।"

ललितपुर (उप्र)। ‘गाय बचाओ-किसान बचाओ’ पदयात्रा निकालने पर अड़े उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को आज दोपहर ललितपुर की पुलिस ने दैलवारा कस्बे से करीब डेढ़-दो सौ कार्यकर्ताओं के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

कांग्रेस नेताओं ने पुलिस पर बल प्रयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा, ‘जिलाध्यक्ष सहित करीब दो दर्जन कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं। सभी को पुलिस लाइन में रखा गया है।’’

जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बृजेश कुमार सिंह ने बताया, “बिना अनुमति पदयात्रा निकालने पर अड़े प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और जिलाध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत सहित 50-60 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को दैलवारा कस्बे से आज (शनिवार) दोपहर करीब बारह बजे गिरफ्तार कर लिया गया है।’’

सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किये गये कांग्रेस के सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पुलिस लाइन में रखा गया है।

ललितपुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत सिंह राजपूत ने फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “प्रदेश अध्यक्ष की अगुआई में आज ‘गाय बचाओ-किसान बचाओ’ पदयात्रा के दौरान गौशाला जाते हुए डेढ़-दो सौ पार्टी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बल प्रयोग कर दैलवारा कस्बे से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के बल प्रयोग करने पर करीब दो दर्जन कार्यकर्ता चोटिल हुए हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया, “गाय के नाम पर सत्ता में आई भाजपा को न गाय की फ़िक्र है और न ही किसानों पर रहम है।”

राजपूत ने कहा, “सौजना और अमझरा की गौशालाओं में बंद गायें भूखों मर रही हैं और पक्षी जिंदा गायों को नोंच-नोंच खा रहे हैं।”

उन्होंने आरोप लगाया, “योगी सरकार अपना ‘पाप’ छिपाने के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।”

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बात नहीं करने दिया।

यूथ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव चंद्र यादव ने भी इस पदयात्रा के दौरान पुलिस द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को रोकने की तस्वीर को साझा करते हुए ट्वीट कर यूपी पुलिस द्वारा पदयात्रा को रोके जाने का आरोप लगाया।

https://twitter.com/keshavyadaviyc/status/1342744984508755968

First Published on: December 26, 2020 2:04 PM
Exit mobile version