सपा, भाजपा और कांग्रेस ने गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण में अड़ंगा लगाया : मायावती

शाहजहांपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 596 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखे जाने के कुछ ही घंटों बाद बसपा प्रमुख ने ट्वीट कर प्रतिक्रिया व्यक्त की।

लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने शनिवार को कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी पर उनकी सरकारों के दौरान नोएडा से बलिया तक आठ लेन के गंगा एक्सप्रेस-वे के निर्माण में रोड़ा अटकाने का आरोप लगाया और जनता से इस स्वार्थी राजनीति से सावधान रहने की अपील की।

शाहजहांपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 596 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेस-वे की आधारशिला रखे जाने के कुछ ही घंटों बाद बसपा प्रमुख ने ट्वीट कर प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने लिखा, ‘‘बसपा सरकार नोएडा से बलिया तक 8-लेन के गंगा एक्सप्रेस-वे के जरिए दिल्ली को पूर्वांचल से सीधे जोड़कर बाढ़ के साथ-साथ क्षेत्र की गरीबी, पलायन व बेरोजगारी आदि की समस्या को दूर करने का प्रयास कर रही थी, लेकिन तब कांग्रेस, भाजपा व सपा, इन सभी ने इसमें अड़ंगा लगाया व विरोध भी किया।’

इसके पहले मायावती ने एक अन्य ट्वीट में कहा था, ‘बसपा गरीब मेहनतकश जनता का दुख-दर्द समझती है। इसीलिए वह पूंजीपतियों के धन में विकास के बजाय देश की पूंजी में विकास चाहती है ताकि आमजन व देश का भला हो सके।’’

First Published on: December 19, 2021 2:58 AM
Exit mobile version