लखनऊ। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भाजपा के आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत प्रदेश और केंद्र सरकार की कोरोना संकट काल के दौरान किए गए कार्यों का ब्यौरा देते हुए कहा है कि इस संकटकालीन दशा में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह प्रदेश वासियों के लिए तत्परता से काम किया है और जिस तरह से चुनौतियों का समय के अंदर सफलतापूर्वक सामना किया है वह किसी भी संस्थान के लिए शोध का विषय हो सकता है |
केंद्र सरकार के वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने आज जनधन खाता धारकों के साथ आत्मनिर्भर भारत के लिए डिजिटल संवाद किया। उन्होंने कहा कि यूपी के लोगों के लिए जिस तरह से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना संकट के इस दौर पर संभाला है वह आज पूरे देश के लिए जिज्ञासा का विषय है। लाखों श्रमिकों को जिस गति से प्रदेश सरकार वापस लेकर आई वह किसी भी मैनेजमेंट स्कूल के लिए एक शोध का विषय है। वन नेशन-वन राशन कार्ड को जिस तरह से यूपी सरकार ने उपयोग करके राहत देने का काम किया है वैसा दूसरे राज्यों को करने में समय लगा।
वित्त राज्य मंत्री ने जनधन खाता धारकों के साथ आत्मनिर्भर भारत के लिए डिजिटल संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत आर्थिक पैकैज से आप सभी के स्वाबलम्बी व समृद्धशाली बनाने का संकल्प लिया है। सभी के सहभागिता से आप की उन्नति से देश की उन्नति होगी।
उन्होंने कहा कि कोरोना आपदा में 20 करोड़ से भी ज्यादा जन-धन खाताधारक महिलाओं को मोदी सरकार ने 31000 करोड़ रूपए से तीन महीने तक प्रतिमाह खाते में 500 रुपए की राशि पहुंचाने का काम किया। मोदी सरकार ने देश के 80 करेाड़ लोगों तक 130 लाख मीट्रिक टन अनाज पहुंचाया। देश के 8 करोड़ प्रवासी मजदूरों को राशन मिला। 7 करोड महिलाओं को सिलेंडर की सब्सिडी के तौर पर 11000 करोड उनके खातों में भेजा गया।
मंत्री ने कहा कि 9 करोड़ किसानों को लॉकडाउन के बीच उनके फसलों के लिए 86000 करोड को लोन दिया है। 9 करोड किसानों को 18000 करोड सम्मान निधि के रूप में भेजा है। इस सम्मेलन की प्रस्तावना प्रदेश के वित्त राज्यमंत्री संदीप सिंह ने रखी, जबकि प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती रंजना उपाध्याय ने इसका आयोजन किया और आभार जताया।