नदी में नहाने गई दो लड़कियों की डूबने से मौत

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती क्षेत्र में घाघरा नदी में नहाते वक्त डूबने से दो लड़कियों की मौत हो गयी। दतहां बहादुरपुर गांव की रहने वाली मेघा (7) तथा सुष्मिता (8) मंगलवार को घाघरा नदी में स्नान करते समय गहरे पानी में चली गईं और डूबने से दोनों की मौत हो गयी।

पुलिस के अनुसार, दोनों लड़कियां लकड़ी इकट्ठा करने गई थीं। सम्भवत: लौटते समय वे स्नान करने लगीं। नदी के किनारे लकड़ी का गट्ठर और कपड़े को देखकर उनकी तलाश शुरू की गयी। देर शाम दोनों के शव बरामद हो गये।

बताया जाता है कि दोनों रास्ते में बहादुरपुर गांव के पास घाघरा नदी के छाड़ने में पानी पीने पहुंच गयी। ग्रामीणों का कहना है कि किसी प्रकार दोनों गहरे पानी में जाकर डूब गयी। इसकी जानकारी होते ही गांव-घर में कोहराम मच गया।

मौके पर पहुंचे गांव के लोग व कुछ गोताखोर उनकी तलाश करने पानी में उतर गये। खबर पाकर पहुंचे एसआई परमानंद त्रिपाठी की मौजूदगी में खोजबीन शुरु हुआ। करीब दो घंटे के प्रयास के बाद दोनों बालिकाओं का शव पानी से बरामद हो सका।

लाश के पानी से निकलते ही परिवार के लोग रोने लगे। एसओ रेवती प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि परिजनों व ग्रामीणों के कहने पर पुलिस ने लाश का पंचनामा कर घरवालों को सौंप दिया।

 

First Published on: October 21, 2020 2:04 PM
Exit mobile version