यूपी चुनाव 2027: कांग्रेस की मांगों पर सपा के जवाबी प्रस्तावों पर अगली बैठक में होगी चर्चा: तनुज पुनिया

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (सपा) के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा है कि सपा की ओर से दिए गए जवाबी प्रस्तावों पर अगली बैठक में चर्चा की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीटों का अंतिम फैसला प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की स्थिति, जातीय समीकरण, संभावित उम्मीदवारों और चुनावी संभावनाओं को ध्यान में रखकर किया जाएगा।

कांग्रेस और सपा के बीच बातचीत के दूसरे दौर के बाद एएनआई से बातचीत में पुनिया ने कहा कि अभी केवल दूसरी बैठक हुई है। सीट बंटवारे की बातचीत में एक पक्ष अपनी मांग रखता है और दूसरा पक्ष जवाबी प्रस्ताव देता है। इन प्रस्तावों पर अगली बैठक में विचार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हर सीट के गुण-दोष और वहां के सामाजिक समीकरणों का अलग-अलग आकलन करने के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

पुनिया के मुताबिक, दोनों दलों ने सीटों पर विस्तृत चर्चा के लिए अपनी-अपनी समितियां गठित की हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के साथ ही सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अपनी टीमों को जिम्मेदारी सौंपी है। इन समितियों के बीच आगे कई दौर की बातचीत होने की संभावना है।

कांग्रेस सांसद ने कहा कि दोनों दलों का मुख्य उद्देश्य भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से हटाकर उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन की सरकार बनाना है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की जिम्मेदारी अपने कार्यकर्ताओं के हितों को सामने रखना है, उसी तरह सपा भी अपने कार्यकर्ताओं के हितों का प्रतिनिधित्व करेगी।

इससे पहले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस से 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराने के ऐतिहासिक अवसर को समझने की अपील की थी। उन्होंने कांग्रेस से प्राथमिकता वाली 26 सीटों के अलावा अन्य संभावित सीटों की पहचान करने को भी कहा था।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि दोनों दलों को जनता की अपेक्षाओं और जमीनी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए गंभीरता से बातचीत करनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सीटों पर उम्मीदवारों का चयन सपा या कांग्रेस के बजाय INDIA गठबंधन के नजरिये से होना चाहिए, ताकि गठबंधन अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल कर सके।

गौरतलब है कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सपा से 120 सीटों की मांग की है। कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, पार्टी ने अपनी पसंद की 120 विधानसभा सीटों की सूची भी सपा को सौंपी है और 120 से कम सीटों पर समझौता करने को तैयार नहीं है। इस सूची में सहारनपुर की दो सीटों के अलावा रायबरेली और अमेठी की कई सीटें शामिल हैं। इनमें कुछ सीटों पर सपा के मौजूदा विधायक भी हैं।

ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर होने वाली अगली बैठक काफी अहम मानी जा रही है।

First Published on: November 25, 2026 9:49 AM
Exit mobile version