उत्तर प्रदेश: 476 क्षेत्र पंचायतों में पंचायत प्रमुख पद के लिये मतदान जारी

उत्तर प्रदेश 476 क्षेत्र पंचायत प्रमुख के पदों के लिए शनिवार सुबह 11 बजे से मतदान शुरू हो गया। अपराह्न तीन बजे तक मतदान तथा अपराह्न तीन बजे के बाद मतगणना कराई जाएगी।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश 476 क्षेत्र पंचायत प्रमुख के पदों के लिए शनिवार सुबह 11 बजे से मतदान शुरू हो गया। अपराह्न तीन बजे तक मतदान तथा अपराह्न तीन बजे के बाद मतगणना कराई जाएगी।

उत्तर प्रदेश के राज्‍य निर्वाचन आयुक्‍त मनोज कुमार ने शुक्रवार को एक बयान में बताया था कि राज्‍य में 825 क्षेत्र पंचायत प्रमुखों के चुनाव की प्रक्रिया बृहस्पतिवार को नामांकन पत्र दाखिल करने के साथ शुरू हुई और शुक्रवार को नामांकन पत्रों की वापसी तय थी। शनिवार को मतदान सुनिश्चित किया गया है।

इस बीच शनिवार को उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बयान में कहा, ‘ब्लॉक प्रमुख पदों पर निर्वाचन के लिए आज मतदान हो रहा है। एक-एक विकास खंड की स्थिति पर सीधी नजर रखी जाए। विजयी और पराजित प्रत्याशियों को पुलिस निगरानी में उनके आवास तक पहुंचाने की व्यवस्था हो। पुलिस बल अतिरिक्त सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ मुस्तैद रहे। माहौल बिगाड़ने वाले लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ तत्काल कठोरतम कार्रवाई की जाए।’

उत्तर प्रदेश के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की कड़ी में शुक्रवार को राज्‍य में 349 क्षेत्र पंचायत प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए, जबकि 476 पदों के लिए शनिवार को मतदान हो रहा हैं ।

शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के एक पदाधिकारी ने दावा किया था कि निर्विरोध चुने गये क्षेत्र पंचायत प्रमुखों में 334 भारतीय जनता पार्टी के हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश में क्षेत्र पंचायत प्रमुख के चुनाव में विपक्ष खासकर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर धांधली करने और लोकतंत्र की हत्या का आरोप लगाया है ।

उधर, आरोपों पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने शुक्रवार की देर रात जारी बयान में कहा, ‘उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद जातिवाद व भ्रष्टाचार को खत्म कर विकास व सुशासन का राज्य स्थापित किया गया है। यही कारण है कि प्रदेश में हो रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी भाजपा लगातार विजय की प्राप्ति कर रही है। यह जीत भाजपा की नीतियों पर जनता की मुहर है।’

First Published on: July 10, 2021 3:34 PM
Exit mobile version