ब्राजील में मिट्टी धंसने से कम से कम 94 लोगों की मौत, बड़ी संख्या में लोग लापता

इन घटनाओं के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी परिजन मलबे में अपने लोगों को तलाश रहे हैं।

पेट्रोपोलिस। ब्राजील की राजधानी रियो डि जिनेरियो के प्रशासन ने पेट्रोपोलिस शहर में बाढ़ और मिट्टी धंसने की घटनाओं में 94 लोगों की मौत की पुष्टि की है, वहीं अब भी बड़ी संख्या में लोग लापता हैं।

शहर के मेयर रूबेंस बोमटेंपो ने लापता लोगों की संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। उन्होंने बुधवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा,‘‘ हमें अभी सही संख्या की जानकारी नहीं है। यह बेहद मुश्किल भरा दिन था।’’

मंगलवार की इन घटनाओं के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी परिजन मलबे में अपने लोगों को तलाश रहे हैं। राजधानी के सरकारी अभियोजन कार्यालय ने बुधवार को एक बयान जारी करके कहा कि उसने लापता 35 लोगों के नामों की सूची तैयार की है।

लोगों ने तबाही के मंजर के वीडियो बना कर उन्हें सोशल मीडिया में साझा किया है, जिनमें घरों को मिट्टी में धंसे और कारों को मलबे के साथ बहते देखा जा सकता है। राजधानी के गवर्नर क्लॉडियो कास्ट्रो ने कहा कि 400 लोग बेघर हो गए हैं और 24 लोगों को मलबे से जिंदा निकाला गया है। ब्राजील के राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो ने दुख की इस घड़ी में जनता के साथ खड़े होने की बात कही है। वह फिलहाल रूस की यात्रा पर हैं।

First Published on: February 17, 2022 5:40 PM
Exit mobile version