अमेरिका में भी बुलडोजर एक्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में क्यों चलवाया?

अमेरिका में अब व्हाइट हाउस में भी बुलडोजर की आवाज गूंज रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 20 अक्टूबर 2025 को व्हाइट हाउस के ईस्ट विंग में बुलडोजर और क्रेन लगवा दिए हैं। इसका मकसद है व्हाइट हाउस में दुनिया का सबसे बड़ा और भव्य बॉलरूम बनाना।

ट्रंप के अनुसार, यह बॉलरूम 90,000 वर्ग फुट में फैलेगा और इसकी कुल लागत 200-250 मिलियन डॉलर होगी। नए बॉलरूम में करीब 650 लोग आसानी से बैठ सकेंगे। इसे खासतौर पर इस तरह डिज़ाइन किया गया है कि इसमें बड़े समारोह, दावतें, मीटिंग या अन्य कार्यक्रम हो सकें। बॉलरूम में सोने के झूमर, गिल्डेड कॉलम, चेकर्ड मार्बल फ्लोर और बड़ी खिड़कियां होंगी। इसे दक्षिणी मैदान की तरफ खोला जाएगा, जिससे व्हाइट हाउस की पुरानी नेोक्लासिकल स्टाइल बरकरार रहे।

दरअसल, ट्रंप ने 15 साल पहले व्हाइट हाउस में एक भव्य आयोजन स्थल बनाने का सपना देखा था। उनका मकसद था कि राष्ट्रपति अपने मेहमानों के लिए बड़े कार्यक्रम आसानी से आयोजित कर सकें। उन्होंने बार-बार कहा कि मौजूदा ईस्ट रूम छोटे कार्यक्रमों के लिए पर्याप्त नहीं है।

ईस्ट विंग 1902 में बना था और 1942 में आखिरी बार इसका नवीनीकरण हुआ था। अब इसे बुलडोजर से ध्वस्त किया जा रहा है। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी विंग के छत, एंट्रीवे और खिड़कियां तोड़ी गई हैं। कंक्रीट के टुकड़े और मलबा इधर-उधर बिखरा हुआ है। अमेरिकी झंडे लगी मशीनें लगातार काम कर रही हैं।

ट्रंप ने बताया कि यह परियोजना पूरी तरह निजी फंडिंग से चलेगी। ट्रंप और उनके निजी डोनर्स इस पर पैसा खर्च कर रहे हैं। इसका उद्देश्य व्हाइट हाउस का आधुनिकीकरण और इसे और भव्य बनाना है। ट्रंप का यह प्रोजेक्ट अमेरिकी इतिहास में व्हाइट हाउस के विस्तार और आधुनिकीकरण का एक बड़ा उदाहरण माना जा रहा है। यह बॉलरूम राष्ट्रपति ट्रंप के 15 साल पुराने सपने की हकीकत बनेगा और व्हाइट हाउस की भव्यता में चार चांद लगाएगा।

First Published on: October 21, 2025 11:20 AM
Exit mobile version