होर्मुज में ओमान ने बनाया नया रूट तो भड़का ईरान

अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता के बाद होर्मुज स्ट्रेट खुल भले गया हो, लेकिन युद्ध के पहले की तुलना में इस अहम जलमार्ग से जहाजों की आवाजाही में बड़ा बदलाव आया है। ईरान पहले ही साफ कर चुका है कि होर्मुज जंग के पहले जैसी स्थिति में कभी होगा। गुरुवार (25 जून) को भी उसने ओमान की ओर से नए रूट को एक्टिवेट करने को लेकर धमकी दी है।

ओमान ने अमेरिका के सहयोग से होर्मुज स्ट्रेट में अपने तटीय इलाकों से तेल टैंकर और जहाजों को निकालने के लिए एक नया रूट बनाया है, इस पर ईरान भड़क गया है। गुरुवार (25 जून) को उसने ओमान में होर्मुज की ओर से आ रहे एक जहाज को मिसाइल की रेंज में होने की धमकी दी। तेहरान के इस कदम से माना जा रहा है कि होर्मुज में एकबार फिर तनातनी बढ़ सकती है।

ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशन गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने गुरुवार (25 जून) को दो टूक कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही के लिए केवल वहीं रास्ते मान्य होंगे, जो ईरानी अधिकारियों ने तय किए हैं। आईआरजीसी की नेवी ने यह बात अपनी आधिकारिक समाचार वेबसाइट सेपाह न्यूज पर जारी एक बयान में कही। साथ ही उसने चेतावनी दी कि तय किए गए रास्तों के अलावा किसी और रास्ते से जहाजों का आना-जाना खतरनाक है और इसकी परमिशन नहीं है।

यह बयान ऐसे समय में आया है, जब ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) के साथ हुए समझौते के तहत होर्मुज स्‍ट्रेट से बाहर जाने वाले जहाजों के लिए दिशा-निर्देश जारी किए थे। इससे पहले, 18 जून को ईरान और अमेरिका के बीच युद्ध खत्म करने के लिए हुए एक समझौते के तहत ईरान ने 60 दिनों तक बिना किसी शुल्क के कॉमर्शियल जहाजों को इस जलमार्ग से सुरक्षित गुजरने की व्यवस्था करने की बात कही थी।

मंगलवार को ईरान और ओमान ने एक संयुक्त बयान जारी कर कहा कि दोनों देशों ने होर्मुज स्‍ट्रेट में जहाजों की आवाजाही के भविष्य के प्रबंधन को लेकर बातचीत के लिए एक जाइंट कार्य समूह बनाने पर सहमति जताई है। दोनों देशों ने अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार जहाजों की सुरक्षित आवाजाही तय करने की जिम्मेदारी दोहराई।

First Published on: June 26, 2026 9:32 AM
Exit mobile version