भारत की मदद के लिए आगे आया जापान, ऑक्सीजन सांद्रक और वेंटीलेटर मुहैया कराने का किया एलान

जापान ने भारत को 300 ऑक्सीजन सांद्रक और इतने ही वेंटीलेटर उपलब्ध कराने की घोषणा की है।

तोक्यो। जापान ने शुक्रवार को घोषणा की कि वह भारत को 300 ऑक्सीजन सांद्रक और इतने ही वेंटीलेटर उपलब्ध कराएगा। साथ ही उसने कहा कि वह कोरोना वायरस के मामलों में बेतहाशा वृद्धि के रोकने के प्रयासों में अपने ‘‘ मित्र और साझेदार’’ के साथ खड़ा है।

जापान के विदेश मंत्रालय ने यहां एक बयान में कहा कि भारत सरकार के अनुरोध पर जापान ने ‘‘भारत में कोविड-19 के मामलों में हालिया वृद्धि से निपटने के लिए वहां 300 ऑक्सीजन सांद्रक और 300 वेंटीलेटर भेजने का फैसला किया है।’’

बयान में कहा गया है, ‘‘जापान इस अतिरिक्त आपात सहायता के जरिए कोविड-19 वैश्विक महामारी के खिलाफ लड़ाई में अपने मित्र और साझेदार भारत के साथ खड़ा है। जापान कोविड-19 स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तेजी से और सहायता मुहैया कराता रहेगा।’’

भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर के तहत पिछले कुछ दिनों में प्रति दिन तीन लाख से अधिक नए मामले आ रहे हैं और अस्पतालों में मेडिकल ऑक्सीजन तथा बिस्तरों की कमी हो गई है।

First Published on: April 30, 2021 10:59 PM
Exit mobile version