उत्तर कोरिया ने दिखाई AI ड्रोन तकनीक की ताकत, पहली बार ‘स्नाइपर’ रॉकेट लॉन्चर का प्रदर्शन

सियोल। उत्तर कोरिया ने अपनी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) आधारित रक्षा तकनीक और मानवरहित विमान प्रणालियों का प्रदर्शन किया है। इस दौरान पहली बार 600 मिमी के ‘स्नाइपर’ मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया गया। उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन ने ड्रोन तकनीक में पूर्ण बढ़त हासिल करने और देश की मानवरहित हवाई क्षमताओं को मजबूत करने का आह्वान किया।

उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए के अनुसार, गुरुवार को आयोजित इस कार्यक्रम में किम जोंग उन ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रकार के ड्रोन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित रक्षा प्रणालियों और आधुनिक युद्धक उपकरणों को प्रदर्शित किया गया। हथियारों के प्रदर्शन में आत्मघाती हमलावर ड्रोन, सामरिक क्रूज मिसाइलें, बहुउद्देशीय ड्रोन और 600 मिमी के रॉकेट लॉन्चर शामिल थे।

केसीएनए ने दावा किया कि आत्मघाती ड्रोन, बहुउद्देशीय ड्रोन से दागी गई हवा से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों और क्रूज मिसाइलों ने अपने लक्ष्यों पर 100 प्रतिशत सटीकता से हमला किया। एजेंसी के मुताबिक, ‘स्नाइपर’ रॉकेट लॉन्चर की युद्धक क्षमता और विश्वसनीयता का भी सफलतापूर्वक परीक्षण किया गया।

उत्तर कोरियाई मीडिया की ओर से जारी तस्वीरों में एक साथ 10 से अधिक 600 मिमी रॉकेट लॉन्चर दागते हुए दिखाई दिए। इसके अलावा ड्रोन से मिसाइलें छोड़े जाने और दक्षिण कोरिया की अग्रिम चौकियों तथा अमेरिकी एम1 अब्राम्स टैंकों के प्रतीकात्मक लक्ष्यों पर हमले के दृश्य भी सामने आए।

ड्रोन तकनीक में पूर्ण बढ़त चाहता है उत्तर कोरिया

अपने संबोधन में किम जोंग उन ने कहा कि देश को ड्रोन तकनीक में पूर्ण श्रेष्ठता हासिल करने की दिशा में तेजी से काम करना चाहिए। उन्होंने वैज्ञानिकों से रक्षा क्षेत्र में मानवरहित विमान तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने का आह्वान किया।

किम ने कहा कि ताकत ही शांति का आधार है और शांति की गारंटी केवल ताकत से मिलती है। उन्होंने पारंपरिक हथियारों के आधुनिकीकरण के साथ रक्षा क्षेत्र में नई तकनीकों को विकसित करने पर भी जोर दिया।

दक्षिण कोरिया की ओर दागीं करीब 10 मिसाइलें

इस बीच, दक्षिण कोरिया के ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ ने गुरुवार को उत्तर कोरिया के वोनसान क्षेत्र से पूर्वी सागर की ओर करीब 10 कम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलें दागे जाने का पता लगाया। ये मिसाइलें लगभग 250 किलोमीटर तक गईं।

सियोल के एक सैन्य अधिकारी के अनुसार, इन मिसाइलों में उत्तर कोरिया के केएन-25 सुपर-लार्ज 600 मिमी मल्टीपल रॉकेट लॉन्चर का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। उत्तर कोरिया का दावा है कि इस प्रणाली में ह्वासन-31 सामरिक परमाणु हथियार लगाए जा सकते हैं।

गुरुवार का मिसाइल परीक्षण इस साल उत्तर कोरिया का 17वां बैलिस्टिक मिसाइल प्रक्षेपण था। इससे पहले 12 अक्टूबर को उसने मिसाइल परीक्षण किया था। उत्तर कोरिया की सरकारी समाचार एजेंसी ने प्रदर्शनी और हथियारों के प्रदर्शन का सटीक स्थान नहीं बताया है। हालांकि, जारी तस्वीरों में दिखाई देने वाली संरचनाओं के आधार पर इनके वोनसान-काल्मा हवाई अड्डे पर आयोजित होने की संभावना जताई गई है।

First Published on: October 30, 2026 9:47 AM
Exit mobile version