वाशिंगटन। अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी की ओर से उप राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार कमला हैरिस की भतीजी मीना हैरिस द्वारा ट्वीट की गई एक तस्वीर को लेकर अमेरिका में हिंदू समुदाय के बीच नाराजगी है। तस्वीर में कमला हैरिस को दुर्गा मां के रूप में दिखाया गया है और समुदाय ने इसके लिए मीना से माफी की मांग की है।
हिंदू अमेरिकी समुदाय के इस प्रतिनिधि संगठन ने धर्म से संबंधित तस्वीरों के व्यवसायिक इस्तेमाल को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। हिंदू अमेरिकन पोलिटीकल एक्शन कमेटी के ऋषि भूतड़ा ने कहा कि ‘‘अपमानजनक’’ तस्वीर मीना हैरिस ने नहीं बनाई और उनके ट्वीट करने से पहले यह तस्वीर वॉट्एसप पर चल रही थी। भूतड़ा ने कहा कि बाइडेन के अभियान ने उन्हें इस बात की पुष्टि की है कि तस्वीर उनकी तरफ से नहीं बनाई गई है।
