प्रिंस फिलिप की तबीयत बिगड़ी, फिलिप कुछ दिनों तक अस्पताल में ही रहेंगे

ब्रिटेन की महारानी एजिलाबेथ द्वितीय (Queen Elizabeth) के पति 99 वर्षीय प्रिंस फिलिप को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलिप के चिकित्सक की सलाह पर उन्हें एहतियातन भर्ती किया गया है।

लंदन। ब्रिटेन के प्रिंस फिलिप एहतियाती उपाय के तहत स्वास्थ्य जांच एवं निगरानी को लेकर कुछ दिनों के लिए यहां एक अस्पताल में भर्ती हैं।

महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के पति प्रिंस फिलिप 99 वर्ष के हैं। उन्हें चिकित्सकों की सलाह पर यहां मंगलवार को किंग एडवर्ड सप्तम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

बकिंघम पैलेस ने कहा, ‘‘ड्यूक को उनके चिकित्सकों की सलाह पर एहतियाती उपाय के तहत भर्ती कराया गया है। वह अस्वस्थ महसूस कर रहे थे। उनके कुछ दिनों तक अस्पताल में ही रहने की उम्मीद है। ’’

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की है। प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास सह कार्यालय से जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘प्रधानमंत्री ने ड्यूक ऑफ एडिनबर्ग के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की है…।’’

महारानी, विंडसर कासल में ही रह रही हैं। वह इस साल पहली बार बृहस्पतिवार को एक कार्यक्रम में सार्वजनिक रूप से नजर आईं। बीबीसी की खबर के मुताबिक दंपती हालिया लॉकडाउन के दौरान बहुत सीमित संख्या में कर्मचारियों के साथ विंडसर कासल में ही रहे थे।

प्रिंस को कोरोना का संक्रमण नहीं
इंग्लैंड में कोरोना वायरस के कारण हाल में लगे लॉकडाउन के दौरान वह लंदन के पश्चिम में स्थित विंडसर कैसल में महारानी के साथ रह रहे थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, प्रिंस फिलिप को कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं है। हालांकि, उनके उम्र के कारण डॉक्टर उनपर चौबीस घंटे नजर बनाए हुए हैं।

First Published on: February 19, 2021 9:41 PM
Exit mobile version