वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के करीबी और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर को बड़ी प्रशासनिक जिम्मेदारी मिलने की अटकलें तेज हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी मध्यावधि चुनाव (मिडटर्म) के बाद ट्रंप प्रशासन में संभावित फेरबदल के बीच गोर का नाम व्हाइट हाउस के वरिष्ठ पदों के लिए चर्चा में है।
‘द वॉशिंगटन सन’ ने मामले से जुड़े दस सूत्रों के हवाले से बताया कि गोर राष्ट्रपति ट्रंप के करीबी माने जाते हैं और पहले व्हाइट हाउस में वरिष्ठ सहयोगी के रूप में काम कर चुके हैं। रिपोर्ट के अनुसार, वह राष्ट्रपति के दूसरे कार्यकाल के शेष समय में और अधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की इच्छा रखते हैं।
रिपोर्ट में व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ और विदेश मंत्री मार्को रुबियो के संभावित उत्तराधिकारी जैसे पदों के लिए भी गोर के नाम की चर्चा का दावा किया गया है। इसके अलावा, विदेश मंत्रालय में उप विदेश मंत्री क्रिस लैंडौ की जगह लेने की संभावना भी जताई गई है।
हालांकि, सर्जियो गोर ने इन अटकलों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने रिपोर्ट को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि मार्को रुबियो इतिहास के सबसे योग्य और सफल विदेश मंत्री हैं। उन्होंने रुबियो को अपना करीबी मित्र बताते हुए स्पष्ट किया कि किसी अन्य पद में उनकी कोई रुचि नहीं है।
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने भी इन खबरों को मनगढ़ंत बताते हुए कहा कि गोर किसी दूसरे पद में रुचि नहीं रखते।
गौरतलब है कि मंगलवार रात हुए मध्यावधि चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को झटका लगने के बाद अमेरिकी राजनीतिक गलियारों में ट्रंप प्रशासन में संभावित बदलावों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
