डोनाल्ड ट्रंप की पोती काई ट्रंप का चौंकाने वाला खुलासा, बताया लोग देखते ही सुनाने लगते हैं खरी-खोटी

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ग्रैंड डॉटर काई ट्रंप ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान बताया है कि एक मशहूर और बड़े नेता के परिवार का हिस्सा होने के चलते उन्हें असल जिंदगी में किन मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। इंटरव्यू में काई ने खुलासा किया कि उनके सरनेम की वजह से अक्सर लोग उनसे बात करने से पहले ही उनके प्रति एक नकारात्मक धारणा बना लेते हैं।

काई ट्रंप ने कहा, ‘लोग मुझे जानने से पहले ही मेरे सरनेम के आधार पर मेरे बारे में राय बना लेते हैं। जब कोई व्यक्ति जैसे नेता या सेलिब्रिटी बहुत मशहूर हो जाता है तो लोग उसके परिवार और बच्चों को भी उसी की नजर से देखने लगते हैं।

उन्होंने आगे बताया कि अनजान लोग अक्सर उनके पास आते हैं और उनके ग्रैंड फादर (डोनाल्ड ट्रंप) के बारे में बुरा कहते हैं।’ उन्होंने बताया कि ‘कई बार लोग सीधे तौर पर उनसे कहते हैं कि उनके दादा (ट्रंप) एक ‘अच्छे इंसान’ नहीं हैं।’

काई के डोनाल्ड ट्रंप को लेकर दिए बयान को लेकर इंटरनेट पर एक नई बहस छिड़ गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लोग दो धड़ों में बंटे नजर आ रहे हैं। कुछ का मानना है कि ‘किसी बच्चे को उसके सरनेम की वजह से परेशान करना या उसे बुरा-भला कहना गलत है।’

दूसरे पक्ष का तर्क है कि ‘अगर कोई परिवार राजनीति का फायदा उठा रहा है और खुद टीवी या रैलियों में आ रहा है तो उन्हें जनता की कड़वी बातें सुनने के लिए भी तैयार रहना चाहिए। वे खुद को राजनीति से अलग नहीं कह सकते।’

काई ट्रंप डोनाल्ड ट्रंप के सबसे बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की बेटी हैं। वह इंटरनेट पर काफी लोकप्रिय हैं, इंस्टाग्राम पर उनके 2.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वह सोशल मीडिया पर एक्टिव रहती हैं। काई एक बेहतरीन गोल्फ खिलाड़ी हैं। काई ट्रंप ने रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन (RNC) के दौरान अपने भाषण से सुर्खियां बटोरी थीं, जहां उन्होंने डोनाल्ड ट्रंप के एक ‘प्यार करने वाले ग्रैंड फादर’ वाले पक्ष को दुनिया के सामने रखा था।

First Published on: May 1, 2026 10:23 AM
Exit mobile version