म्यांमार सरकार ने आंग सान सू की को जेल से हटाकर किया गया हाउस अरेस्ट

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
विदेश Updated On :

म्यांमार की पूर्व नेता आंग सान सू की को लेकर बड़ा फैसला सामने आया है। देश की सैन्य सरकार ने अब उन्हें जेल से निकालकर हाउस अरेस्ट में रखने का फैसला किया है। यह जानकारी सरकारी मीडिया के जरिए दी गई है।

सू की पिछले करीब 5 साल से जेल में थीं। 1 फरवरी 2021 को उन्हें गिरफ्तार किया गया था। उसी दिन म्यांमार की सेना ने उनकी चुनी हुई सरकार को हटाकर सत्ता अपने हाथ में ले ली थी, तब से वह लगातार सेना की हिरासत में हैं। उनकी उम्र अब 80 साल है और इतने सालों से उन्हें सार्वजनिक रूप से भी बहुत कम देखा गया है।

सरकारी चैनल MRTV के अनुसार, सू की की सजा का बचा हुआ हिस्सा अब जेल में नहीं बल्कि एक घर में पूरी होगी। यानी उन्हें अब जेल की जगह एक स्थान पर नजरबंद रखा जाएगा। सेना के सूचना विभाग ने भी इस बात की पुष्टि की है कि उन्हें हाउस अरेस्ट में शिफ्ट किया गया है।

हालांकि यह साफ नहीं बताया गया है कि उन्हें किस जगह रखा गया है। इस फैसले के साथ सू की की एक नई तस्वीर भी जारी की गई है। तस्वीर में वह सफेद कपड़ों में लकड़ी की बेंच पर बैठी नजर आ रही हैं। उनके सामने दो अधिकारी बैठे हुए हैं, जिनमें से एक पुलिस की वर्दी में है, लेकिन यह जानकारी नहीं दी गई कि यह तस्वीर कब और कहां ली गई।

हाल ही में सू की की सजा में कुछ कमी भी की गई थी। यह छूट बौद्ध त्योहार बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर दी गई थी। उस दौरान देश के कई कैदियों की सजा कम की गई थी, जिसमें सू की भी शामिल थीं। आंग सान सू की को साल 2022 में कई मामलों में कुल 33 साल की सजा सुनाई गई थी।

हालांकि उनके समर्थकों और मानवाधिकार संगठनों ने इन आरोपों को गलत बताया था और कहा था कि यह राजनीतिक वजह से किया गया है। बाद में सजा में कमी किए जाने के बाद अब उनकी कुल सजा 18 साल रह गई है। इसका मतलब है कि उन्हें अभी भी करीब 13 साल की सजा और काटनी है, लेकिन अब वह जेल में नहीं बल्कि नजरबंद कैदी के रूप में रहेंगी।

म्यांमार इस समय एक बड़े संकट से गुजर रहा है। 2021 के तख्तापलट के बाद देश में गृह युद्ध जैसी स्थिति बन गई है। कई इलाकों पर विद्रोही समूहों का कब्जा है और लगातार संघर्ष चल रहा है। ऐसे समय में सू की को हाउस अरेस्ट में रखने का फैसला सरकार के रुख में बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि इसका आगे क्या असर होगा, यह अभी साफ नहीं है।



Related