अमेरिका ने नाइजीरिया के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में ISIS के आतंकवादी ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमला किया है। इस हमले को लेकर नाइजीरिया सरकार ने अपना आधिकारिक बयान जारी किया है।
सरकार ने कहा कि आतंकवाद और हिंसक उग्रवाद से निपटने के लिए वह अमेरिका समेत अन्य अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ लगातार सुरक्षा और खुफिया सहयोग कर रही है। इसी सहयोग के तहत नॉर्थ वेस्ट नाइजीरिया में आतंकवादी ठिकानों पर एयर स्ट्राइक के जरिए सटीक निशाना साधा गया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह सहयोग अंतरराष्ट्रीय नियमों और द्विपक्षीय समझौतों के तहत हो रहा है। इसमें खुफिया जानकारी का आदान-प्रदान, रणनीतिक समन्वय और अन्य आवश्यक समर्थन शामिल है। यह सभी गतिविधियां अंतरराष्ट्रीय कानून, संप्रभुता के सम्मान और क्षेत्रीय व वैश्विक सुरक्षा के साझा प्रतिबद्धताओं के अनुसार की जा रही हैं।
नाइजीरिया सरकार ने दोहराया कि सभी आतंकवाद-रोधी प्रयासों का मुख्य उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा, राष्ट्रीय एकता की रक्षा और सभी नागरिकों के अधिकार एवं गरिमा का संरक्षण करना है। चाहे किसी की आस्था या जातीयता कुछ भी हो, किसी भी समुदाय के खिलाफ आतंकवादी हिंसा नाइजीरिया के मूल्यों और अंतरराष्ट्रीय शांति के लिए अपमानजनक है।
फेडरल सरकार अपने साझेदारों के साथ मिलकर आतंकवादी नेटवर्क को कमजोर करने, उनके वित्त पोषण और लॉजिस्टिक को बाधित करने और सीमा पार से उत्पन्न खतरों को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। साथ ही नाइजीरिया अपनी सुरक्षा संस्थाओं और खुफिया क्षमताओं को मजबूत कर रहा है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह सुरक्षा और खुफिया सहयोग जारी रहेगा और जनता को उपयुक्त आधिकारिक चैनलों के माध्यम से नियमित रूप से सूचित किया जाएगा।
गौरतलब है कि नाइजीरिया लंबे समय से आतंकवादी हिंसा का सामना कर रहा है। देश के उत्तर और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में आईएसआईएस से जुड़े गुटों और बोको हराम जैसे संगठनों की गतिविधियां लगातार जारी हैं।
