Japan Russia Tsunami : जापान-रूस में सुनामी से तबाही, 4 फीट तक उठी लहरें

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
विदेश Updated On :

रूस के कामचटका में भूकंप आने के बाद सुनामी भी आ गई है। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 8.7 मापी गई। इसकी वजह से जापान और अमेरिका में सुनामी का अलर्ट जारी किया गया है। जापान के फुकुशिमा न्यूक्लियर प्लांट को खाली कराया गया है। 2011 में 9.0 की तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके बाद न्यूक्लियर प्लांट को नुकसान पहुंचा था। यह भूकंप बेहद कम गहराई पर आया, जिससे सतह पर ज़बरदस्त झटके महसूस किए गए और लगातार 30 से अधिक आफ्टरशॉक्स दर्ज किए गए। भूकंप का केंद्र समुद्र के नीचे था, जिससे सुनामी की तीव्र आशंका उत्पन्न हो गई है।

यह घटना पृथ्वी की टेक्टोनिक प्लेटों की तीव्र गतिविधि का संकेत देती है, विशेषकर ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में, जहां भूकंप और ज्वालामुखीय गतिविधियां आम हैं। रूस में भूकंप के कुछ ही मिनटों के भीतर जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने चेतावनी जारी की कि तटीय इलाकों में 1 से 3 मीटर तक की लहरें टकरा सकती हैं। यह चेतावनी आते ही जापानी सरकार ने लगभग 1।9 मिलियन (19 लाख) लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की।

कई मध्य और दक्षिण अमेरिकी देशों ने भी सुनामी की संभावना को देखते हुए हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। इस सूची में चिली, पेरू, इक्वाडोर, मेक्सिको और पनामा जैसे देश शामिल हैं। चिली में उत्तरी और मध्य तटीय इलाकों में लहरें टकराने की आशंका बताई जा रही है। पेरू और इक्वाडोर के बंदरगाह बंद, नौकाओं की गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। मेक्सिको और पनामा में तटीय इलाकों से लोगों को हटाया गया है। स्थानीय प्रशासनिक एजेंसियां हर देश में समुद्र स्तर की निगरानी कर रही हैं और यदि लहरें सामान्य स्तर से ऊपर जाती हैं तो तुरंत निकासी आदेश जारी किए जा रहे हैं।

रूस ने कामचटका में आपातकाल की घोषणा की है। इसके अलावा सुनामी की खतरे को देखते हुए जापान और अमेरिका में लोगों को प्रभावित क्षेत्रों से निकाला गया, क्योंकि बड़े भूकंप से प्रशांत क्षेत्र में सुनामी की चेतावनी जारी की गई है।

CNN की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी तटरक्षक बल ने सभी कॉर्मशियल जहाजों को हवाई के बंदरगाहों को खाली करने का निर्देश दिया है और सुनामी की चेतावनी हटाए जाने तक किसी भी जहाज के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।

रॉयटर्स के मुताबिक कामचटका में सुनामी की वजह से 4 फीट तक की ऊंचाई तक लहरें पहुंची हैं। यहां भूकंप भी आया है, जिसकी वजह से कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है।

बीबीसी की एक रिपोर्ट के मुताबिक जापान की टोक्यो इलेक्ट्रिक पावर कंपनी (टीईपीसीओ) ने सुनामी को लेकर अपडेट दिया है। उसने बताया कि फुकुशिमा दाइची और फुकुशिमा दाइनी न्यूक्लियर प्लांट के कामगारों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। सुनामी से बचने के लिए लोग हवाई से निकलने की कोशिश में हैं, लेकिन कई रास्ते बंद कर दिए गए हैं।



Related