गुजरात विधानसभा में जारी बजट सत्र के दौरान बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब विधानसभा परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा संदेश मिला। धमकी मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे विधानसभा भवन को खाली करा दिया गया। मंत्रियों, विधायकों और कर्मचारियों को तत्काल परिसर से बाहर निकाला गया। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे विधानसभा भवन और परिसर की बारीकी से तलाशी ली।
सुरक्षा एजेंसियों ने बुधवार को विधानसभा भवन के एक-एक कोने की गहन जांच की। लंबी तलाशी के बाद जब कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली तो बम की धमकी झूठी साबित हुई। सभी को क्लीन चिट मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने परिसर को सुरक्षित घोषित किया।
बम की धमकी झूठी साबित होने और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद विधानसभा की कार्यवाही फिर से शुरू की गई। जो सत्र सुबह 9 बजे शुरू होना था वह इस पूरे घटनाक्रम की वजह से एक घंटे की देरी से सुबह 10 बजे शुरू हो सका। पुलिस ने धमकी भरे संदेश के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
