दिल्ली सरकार ने गैस की कालाबाजारी पर लगाम लगाने और गरीब मजदूरों को राहत देने के लिए नया आदेश जारी किया है। इस आदेश के तहत अब गैस गोदामों से सीधे सिलेंडर बेचने पर रोक लगा दी गई है। सरकार का कहना है कि इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म होगी और जरूरतमंद लोगों तक सही कीमत पर गैस पहुंचेगी।
इस आदेश की जमीनी हकीकत जानने के लिए एबीपी न्यूज़ की टीम राजघाट स्थित इंडियन आयल कॉर्पोरेशन के गैस गोदाम पहुंची। यहां देखा गया कि सरकार के निर्देशों का पालन किया जा रहा है। गोदाम के अंदर सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद था और व्यवस्था व्यवस्थित तरीके से चल रही थी।
गैस गोदाम के मैनेजर योगेश सिंह ने बताया कि अब गोदाम से सीधे सिलेंडर की बिक्री पूरी तरह बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के आदेश के मुताबिक अब सिर्फ होम डिलीवरी के जरिए ही सिलेंडर दिया जा रहा है। इससे कालाबाजारी पर रोक लगेगी।
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 5 किलो के घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध हैं। जो ग्राहक बुकिंग करा रहे हैं, उन्हें समय पर डिलीवरी दी जा रही है। कुछ मामलों में जरूरतमंद लोगों को गोदाम से भी रिफिल सिलेंडर दिया जा रहा है, लेकिन यह पूरी तरह नियमों के तहत हो रहा है।
योगेश सिंह ने बताया कि पहले 5 किलो का सिलेंडर करीब 200 रुपये के आसपास मिलता था, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़कर 349 रुपये हो गई है। इसके बावजूद सप्लाई में किसी तरह की कोई कमी नहीं है।उन्होंने कहा कि हमारे पास पर्याप्त गैस स्टॉक है। जो भी बुकिंग आ रही है, उसकी 100 फीसदी डिलीवरी की जा रही है।
सरकार का यह कदम खास तौर पर गरीब मजदूरों को ध्यान में रखकर उठाया गया है, ताकि उन्हें छोटी क्षमता वाले सिलेंडर आसानी से और सही कीमत पर मिल सकें। साथ ही, इससे अवैध तरीके से गैस बेचने वालों पर भी लगाम लगेगी।
