पीएम मोदी की कटौती वाली अपील पर मायावती बोलीं- ‘खोने के लिए कुछ खास बचा नहीं’


बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायवाती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपनाने और सोना न खरीदने की अपील पर प्रतिक्रिया दी है। बसपा सुप्रीमो ने देश की जनता के पास अब अधिक संयम बरतने या खोने के लिए बहुत कुछ नहीं बचा है।

पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने एक्स पर अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान के खिलाफ जारी युद्ध की स्थिति को लेकर देश में संभावित आर्थिक संकट पर चिंता जताई है। मायावती ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि युद्ध समाप्ति को लेकर बनी अनिश्चितता, ऊर्जा संकट और विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव के कारण प्रधानमंत्री द्वारा देशवासियों से संयम बरतने की अपील की गई है, जो यह दर्शाता है कि भारत के सामने केवल पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस जैसी पेट्रोलियम वस्तुओं का ही नहीं बल्कि व्यापक आर्थिक संकट का भी खतरा मंडरा रहा है।

बसपा प्रमुख मायावती ने कहा कि कोरोना काल के बाद देश की करोड़ों गरीब और मेहनतकश जनता पहले से ही रोजी-रोटी के संकट से जूझ रही है और अब उनके पास और अधिक संयम बरतने या खोने के लिए बहुत कुछ नहीं बचा है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से अपील की कि ऐसे कठिन समय में गरीब परिवारों को राहत देने और उनका सहारा बनने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता को कुछ राहत मिल सके।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (10 मई) को लोगों से पेट्रोल-डीजल बचाने, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने, वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था को दोबारा से शुरू करने, गैर-जरूरी चीजों की खरीदारी और विदेश यात्राओं से बचने की अपील की थी। पीएम मोदी का यह बयान पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध के बीच आया है। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि देशभक्ति सिर्फ जान देना नहीं बल्कि मुश्किल वक्त में जिम्मेदारी से जीना भी देशभक्ति है।



Related