2026 में 2 बार और 2022 में 13 बार बढ़े थे पेट्रोल-डीजल के दाम


यूएस और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का असर वैश्विक स्तर पर देखने को मिल रहा है, जिसके चलते होर्मुज ब्लॉक है और कच्चे तेल का आयात इससे प्रभावित हो रहा है। दो महीनों से भारत में भी तेल और गैस की किल्लत देखने को मिल रही है। ना केवल किल्लत बल्कि हाल ही में पेट्रोल-डीजल और CNG की कीमतों में भी वृद्धि हुई है। लेकिन क्या आपको याद है कि आखिर बार पेट्रोल की कीमतें कब कम हुई थीं?

साल 2026 की शुरुआत ही मिडिल ईस्ट के तनाव के साथ हुई है। जिसके बाद से ही आम जनता समेत हर शख्स ही इस भय में था कि ये युद्ध इसी तरह जारी रहा तो तमाम देशों की अर्थव्यवस्थाएं भी गड़बड़ा जाएंगी। ऐसा ही देखने को भी मिल रहा है। 15 मई को पेट्रोल-डीजल की कीमतों में करीब 3 रुपये का इजाफा हुआ है। जिसमें पेट्रोल की कीमत 3 रुपये 14 पैसे बढ़ी है, तो वहीं डीजल की कीमत 3 रुपये 11 पैसे बढ़ी है। जिसके चार दिन बाद यानी 19 मई को ही एक बार फिर से पेट्रोल- डीजल की कीमतों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर के हिसाब से वृद्धि हुई है।

फिलहाल तेल बाजार में जैसी उथल- पुथल देखने को मिल रही है, उसे देखते हुए लग रहा है कि 2022 का दौर दोबारा से आने वाला है। जिस तरह से महज चार दिनों में ही पेट्रोल- डीजल के दाम बढ़े हैं, उसी तरह साल 2022 में पेट्रोल डीजल की कीमतों में कुल 13 बार इजाफा हुआ था। उस समय रूस और यूक्रेन के बीच चले युद्ध की वजह से तेल बाजार में काफी अफरा- तफरी मची थी और कच्चे तेल की कीमतें भी बढ़ गई थी।

जिसके बाद भारत सरकार ने भी महज 15 दिनों के अंदर ही 13 बार पेट्रोल- डीजल की कीमतें बढ़ाई थीं। इस दौरान मार्च से अप्रैल के बीच 10 दिनों तक हर रोज 80 पैसा प्रति लीटर के हिसाब से दाम बढ़ाए गए थे। जिसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं 2022 का दौर दोबारा लौट सकता है। क्योंक फिलहाल एक्सपर्ट्स भी बता रहे हैं कि धीरे- धीरे करके ईंधर की कीमतें और भी बढ़ने वाली हैं।

पेट्रोल- डीजल की कीमतों में अब तक केवल बढ़ोतरी पर लोगों की नजर है। साल 2022 के बाद सीधे अब यानी 2026 में ईंधन के दाम बढ़ रहे हैं। लेकिन क्या आपको याद है कि साल 2024 में इनकी कीमतें कम हुई थीं। दरअसल 15 मार्च 2024 में सरकार की तरफ से पेट्रोल- डीजल की कीमतो में 2 रुपये की कटौती की गई थी। जिसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 94.72 रुपये और डीजल की कीमत 87.62 रुपये हो गई थीं।

बता दें कि साल 2026 में अब तक पेट्रोल कीमत में 4 रुपये और डीजल की कीमतों में 3 रुपए 94 पैसे का इजाफा हुआ है। जिसके बाद दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 98.64 रुपये और डीजल की कीमत 91.58 रुपये हो गई है। इसका सीधा असर जनता की जेब पर पड़ रहा है। हालांकि कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले दिनों में पेट्रोल- डीजल की कीमतों में और भी ज्यादा इजाफा हो सकता है।



Related