मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज (बुधवार, 29 जुलाई) किसानों का प्रदर्शन जारी है। किसान क्रांति पैदल यात्रा भोपाल पहुंच गई है और अब आंदोलनकारी किसान भोपाल में मुख्यमंत्री आवास की ओर मार्च करने वाले हैं। किसानों की मांग है कि सरकार 100 फीसदी मूंग खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था को ठीक करे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार (27 जुलाई) की देर रात कृषि मंत्री एदल सिंह कंसाना ने किसानों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की थी, लेकिन यह मीटिंग किसी नतीजे तक नहीं पहुंची, जिसके बाद अब किसान सीएम आवास का घेराव करने जा रहे हैं। रात भर से धरने पर बैठे हुए हैं किसानों का कहना है कि जब तक उनकी सारी मांगें नहीं मान ली जातीं, तब तक वह धरने पर ही बैठे रहेंगे और आज सीएम आवास जाएंगे।
भोपाल में किसान आंदोलन के चलते कल शाम से ट्रैफिक जाम लगा है। किसान आंदोलन के मद्देनजर रूट डायवर्जन किया गया है।
- नर्मदापुरम रोड से आने वाले वाहन 11 मील बाईपास से होकर खजूरी कला एसओएस रोड पिपलानी होकर आना जाना सुनिश्चित कर सकते हैं।
- मिसरोद ग्राम और भोपाल विश्वविद्यालय के बीच में जो कॉलोनी है उसमें रहने वाले लोग बावड़ियांकला ब्रिज से चढ़कर कोलार तथा 10 नंबर की और आवागमन कर सकते हैं।
- एमपी नगर से जिनको नर्मदापुरम मार्ग जाना हो वह गोविंदपुरा पिपलानी और पटेल नगर या खजूरी कला मार्ग का उपयोग करें। एम्स जाने वाले कटराहिल्स, बागसेवनिया और आरएलएल ब्रिज के नीचे से बाएं मुड़कर आवागमन कर सकते हैं।
