उत्तर प्रदेश में रविवार से फिर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने वेस्ट यूपी के कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि बंगाल की खाड़ी का कम दबाव का क्षेत्र कमजोर होने से पूर्वी यूपी में अब कम बारिश होगी, जबकि वेस्ट यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश होगी।
पूर्वी यूपी के कुछ जिली में 8 सितंबर तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। लखनऊ, कानपुर और मध्य के कुछ शहरों में बारिश अब कमजोर पड़ चुकी है, यहां सुबह से मौसम खुला है, जिससे तापमान में वृद्धि और गर्मी का असर देखने को मिलेगा।
मौसम विभाग ने वेस्ट यूपी के 24 से अधिक जनपदों में येलो अलर्ट जारी किया है, उसमें अमरोहा, मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, आगरा, फिरोजाबाद के साथ ही इटावा, औरैया, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा और बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद शामिल हैं। वेस्ट यूपी में मौसम के तेवर देखते हुए चेतावनी जारी की गई और अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
कानपुर में चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रोद्योगिकी विश्वविद्यालय के कृषि मौसम तकनीकी अधिकारी अजय कुमार मिश्रा के मुताबिक आज बादलों की आवाजाही जारी रहेगी, जिससे 8 सितंबर तक छिटपुट बारिश का सिलसिला बन सकता है। मध्य और पूर्वी यूपी में अब कम बारिश होगी, जबकि वेस्ट यूपी में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश होगी।
दरअसल बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पड़ने और हवा की दिशा बदलने से पूर्वी यूपी में बारिश रुकेगी। वहीं उत्तरी पाकिस्तान की ओर से आए पश्चिमी विक्षोभ के कारण वेस्ट यूपी में बादल सक्रिय हो गए हैं, जिससे इन इलाकों में मध्यम से भारी बारिश देखने को मिलेगी। इसलिए यहां येलो अलर्ट जारी किया गया है। कुछ जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
