इंडिया गठबंधन का आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च, CJP क्या करेगी?

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
देश Updated On :

मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के साथ कॉकरोच जनता पार्टी भी जमकर प्रदर्शन कर रही है। आज 12 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन कुछ बड़ा करने वाला है। कॉकरोच जनता पार्टी और राहुल गांधी सभी ने कुछ बड़ा करने का ऐलान किया है। आइए आपको इनके प्लान के बारे में बताते हैं।

राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन ने 6 अक्टूबर को मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने आकाशवाणी भवन में धरना दिया था। इसके बाद अब 12 अक्टूबर का ऐलान किया था।

राहुल गांधी ने इंडिया ब्लॉक के 12 अक्टूबर को फिर से प्रदर्शन की घोषणा की थी। इंडिया ब्लॉक सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकालेगा। इस मार्च में कई बड़े नेता शामिल होने वाले हैं। शहर के बाहर से भी सासंद इस प्रोटेस्ट में शामिल होने आ रहे हैं।

राहुल गांधी ने पोस्ट शेयर करके इस प्रोटेस्ट की जानकारी दी है। उन्होंने लिखा, कल, 12 अक्टूबर को भारत शांतिपूर्ण ढंग से एकजुट होकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेगा। छात्र, नागरिक समाज के संगठन और विपक्षी दल: कृपया हमारे लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमारे साथ जुड़ें।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी शेयर किया है। उन्होंने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, कल दिल्ली में देश का युवा शांतिपूर्ण विरोध के लिए सड़कों पर उतरा। उनके दिलों में नफरत या गुस्सा नहीं, मोहब्बत थी। लेकिन उन्हें पुलिस और BJP के गुंडों, दोनों ने पीटा। ऐसा भारत हम नहीं चाहते। कल, सोमवार 12 अक्टूबर को, हम भारतीय होने के नाते सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगे। पार्टी, महिला-पुरुष, जाति, समुदाय और राज्य की हर दीवार से ऊपर उठकर, हम सब एक साथ चलेंगे।

देश का युवा, तमाम विपक्षी दल, सिविल सोसाइटी और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले, भारत के संविधान के साथ खड़े सभी लोग हमारे साथ चलेंगे। हम देश की ओर से मुख्य न्यायाधीश को एक ज्ञापन सौंपेंगे। हमारी मांग है – वोट चोरी बंद हो, SIR पर रोक लगे और ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें।

सीजेपी के नेता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया पर आज के कार्यक्रम की जानकारी दी थी। आशुतोष ने लिखा, कल सुबह 10 बजे, मैं, सौरव दास,रत्ना सिंह और CJP के दूसरे नेता पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाएंगे ताकि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए तारीख तय हो सके। दिल्ली पुलिस हमें 24 घंटे के अंदर जंतर-मंतर के लिए तारीख दे सकती है, वरना हम खुद ही विरोध प्रदर्शन का ऐलान करेंगे।