लॉस एंजिलिस मेयर चुनाव में भारतीय मूल की नित्या रमन की जीत का अनुमान, करेन बैस को छोड़ा पीछे

नागरिक न्यूज नागरिक न्यूज
विदेश Updated On :

लॉस एंजिलिस। अमेरिका के लॉस एंजिलिस में मेयर पद के चुनाव में भारतीय मूल की सिटी काउंसिल सदस्य नित्या रमन की जीत का अनुमान जताया गया है। शुरुआती मतगणना में उन्होंने मौजूदा मेयर करेन बैस पर बढ़त बना ली है। ‘लॉस एंजिलिस टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार दोपहर तक आए आंकड़ों में 45 वर्षीय रमन को 51.1 प्रतिशत वोट मिले, जबकि 73 वर्षीय बैस को 48.33 प्रतिशत मत प्राप्त हुए।

हालांकि, चुनाव विश्लेषकों ने मुकाबले को बेहद करीबी बताते हुए अंतिम नतीजे आने तक सावधानी बरतने की बात कही है।

चुनाव से पहले मतदाताओं के बीच बेघर लोगों की समस्या, सार्वजनिक सुरक्षा और किफायती आवास प्रमुख मुद्दे रहे। बर्कले आईजीएस और लॉस एंजिलिस टाइम्स के 19 से 25 अक्टूबर के बीच किए गए सर्वेक्षण के मुताबिक, करीब 40 प्रतिशत मतदाताओं ने बेघर लोगों के अस्थायी शिविरों को कम करना नए मेयर की प्रमुख प्राथमिकता बताया। वहीं, लगभग 30 प्रतिशत मतदाताओं ने सार्वजनिक सुरक्षा और किफायती आवास को महत्वपूर्ण मुद्दा माना।

चुनाव की रात ग्रीक थिएटर प्लाजा में समर्थकों को संबोधित करते हुए नित्या रमन ने जीत की उम्मीद जताई, लेकिन आधिकारिक नतीजे आने तक जश्न मनाने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि वह नतीजों को लेकर आशान्वित हैं, लेकिन अभी संयम बनाए रखना चाहती हैं।

केरल में 1981 में जन्मीं नित्या रमन छह साल की उम्र में अपने परिवार के साथ अमेरिका चली गई थीं। उन्होंने 22 वर्ष की उम्र में अमेरिकी नागरिकता प्राप्त की। उन्होंने हार्वर्ड विश्वविद्यालय से स्नातक और मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमआईटी) से शहरी नियोजन में मास्टर डिग्री हासिल की है।

रमन ने चेन्नई में ‘ट्रांसपेरेंट चेन्नई’ नामक शहरी शोध संगठन की स्थापना की थी, जो स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में काम करता है। वर्ष 2013 में लॉस एंजिलिस जाने के बाद उन्होंने स्थानीय प्रशासन के साथ काम किया और बेघर लोगों की सहायता के लिए ‘सेलाह नेबरहुड होमलेस कोएलिशन’ की स्थापना में भी योगदान दिया। इसके अलावा, वह ‘टाइम्स अप एंटरटेनमेंट’ की कार्यकारी निदेशक रह चुकी हैं।

यदि अंतिम नतीजे भी इसी रुझान की पुष्टि करते हैं, तो नित्या रमन की जीत अमेरिकी राजनीति में भारतीय मूल के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।



Related