हरियाणा के कृषि मंत्री भी कोरोना संक्रमित

भास्कर न्यूज ऑनलाइन भास्कर न्यूज ऑनलाइन
राज्य Updated On :

चंडीगढ़। हरियाणा राज्य के लिए कोरोना मुसीबत बनता जा रहा है। अभी पहले हरियाणा के सीएम मनोहर लाला, विधान सभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता सहित आधा दर्जन लोग कोरोना संक्रमित पाए जा चुके हैं। अब हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। दलाल राज्य में कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए सत्तारूढ़ भाजपा के आठवें विधायक हैं।

मंत्री ने कहा कि तीन दिन पहले उन्होंने जांच कराई थी, जिसमें उनके संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हुई। हालांकि उसके बाद उन्होंने दोबारा जांच कराई, जिसमें उनके वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हो गई। वहीं हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल का गुड़गांव के मेदांता मेडिसिटी में इलाज किया जा रहा है। अभी जेपी दलाल ने खुद को होम आइसोलेशन कर लिया है और अपने संपर्क में आए लोगों से भी जांच कराने की अपील की है।

करनाल से भाजपा सांसद संजय भाटिया और करनाल जिले की घरौंदा सीट से विधायक हरविंदर कल्याण ने भी ट्वीट कर खुद के कोरोना वायरस की चपेट में आने की जानकारी दी है। कल्याण ने भी तीन दिन पहले कोरोना वायरस जांच कराई थी, जिसमें उनके संक्रमित होने की पुष्टि नहीं हुई थी। लेकिन लक्षण दिखाई देने के बाद उन्होंने दोबारा जांच कराई तो उनके संक्रमित होने की पुष्टि हो गई।

आपको बता दें कि हरियाणा के परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा के मंगलवार को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। सोमवार को मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। खट्टर गुड़गांव के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं और उनकी हालत स्थिर है। इसके अलावा भाजपा विधायक लक्ष्मण नापा, राम कुमार कश्यप और असीम गोयल भी कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जा चुके हैं।



Related