रायबरेली में जिला जेल से दो कैदी फरार

Ritesh Mishra Ritesh Mishra
उत्तर प्रदेश Updated On :

रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला जेल की बड़ी लापरवाही सामने आयी है। यहां सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर दो कैदी फरार हो गए। जैसे ही इसकी सूचना जेल प्रशासन को लगी, उनमे हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने मंगलवार की सुबह गिनती की तो बैरक संख्या-10 के दो कैदी गायब मिले। घटना की सूचना पर उप महानिरीक्षक (जेल) संजीव त्रिपाठी रायबरेली पहुंचे और जांच पड़ताल की।

बताया जाता है कि बीते दिनों पॉस्को कानून और चोरी के मामले में दो युवकों को जेल लाया गया था। उनमें से शारदा नामक युवक को चोरी के आरोप में जबकि रंजीत नाम के व्यक्ति को पॉक्सो कानून के तहत गिरफ्तार किया गया था। दोनों को जिला कारागार के बैरक संख्या- 10 में रखा गया था। सोमवार की रात गिनती हुई तो सभी कैदी मौजूद थे लेकिन मंगलवार की सुबह जब फिर गिनती हुई तो दो बंदी गायब मिले। पड़ताल करने पर शारदा और रंजीत के फरार होने का पता चला।

आशंका जताई जा रही है कि दोनों बंदी बैरक के शौचालय में सेंध लगाकर बाहर निकले उसके बाद दीवार फांद कर फरार हो गए। घटना की सूचना से जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस अधीक्षक समेत तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। लखनऊ से उप महानिरीक्षक संजीव त्रिपाठी रायबरेली पहुंचे और जांच पड़ताल की।



Related