Noida में हनीट्रैप का खुलासा, DRDO के वैज्ञानिक को बंधक बना मांगे थे 10 लाख

Ritesh Mishra Ritesh Mishra
उत्तर प्रदेश Updated On :

नोएडा। दिल्ली से सटे नोएडा में पुलिस ने एक हनीट्रैप का खुलासा किया है। गिरोह के सदस्यों ने DRDO के एक वैज्ञानिक को अपने जाल में फंसाकर बंधक बना लिया और पुलिस केस में फंसाने के नीम पर 10 लाख रुपए मांगे। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

एडिशनल पुलिस आयुक्त लव कुमार ने बताया, DRDO में तैनात वैज्ञानिक ने मसाज के लिए इंटरनेट पर सर्च किया। उन्हें एक वेबसाइट से एक नंबर मिला। उस नंबर पर उनकी बातचीत एक महिला से हुई। महिला ने मसाज के नाम पर वैज्ञानिक को अपने जाल में फंसा लिया। उन्होंने बताया कि शनिवार की शाम को महिला ने एक युवक को कार से वैज्ञानिक की सेक्टर-77 स्थित सोसाइटी के पास भेजा।

वैज्ञानिक मसाज कराने के लिए युवक के साथ कार में वहां से निकल गए। उन्होंने कहा कि कार चालक उन्हें सेक्टर-41 स्थित एक होटल में ले गया, जहां महिला समेत कई अन्य लोग पहले से मौजूद थे। उन्होंने बताया, वैज्ञानिक के पहुंचते ही आरोपियों ने उन्हें बंधक बना लिया। शनिवार देर रात को वैज्ञानिक की पत्नी को फोन करके इन लोगों ने 10 लाख रुपए की मांग की। कुमार ने बताया कि रविवार को वैज्ञानिक की पत्नी की तरफ से इस मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद छह दल बनाकर पुलिस ने वैज्ञानिक की तलाश में छापेमारी शुरू की।

अपर आयुक्त ने बताया, रविवार देर रात घटना को अंजाम देने वाली सुनीता गुज्जर, दीपक और राकेश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके दो साथी फरार हैं जिनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया, ये लोग मसाज की आड़ मे लोगों को मोहपाश में फंसाते हैं, तथा उनके अश्लील वीडियो बनाकर उनसे तथा उनके परिजनों से मोटी रकम वसूलते हैं। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां मिली हैं जिसके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

 



Related