
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मीडिया में आई उन खबरों को ले कर यूपी सरकार पर रविवार को निशाना साधा जिनमें दावा किया गया है कि भाजपा के एक विधायक और उनका बेटा एक महिला के उत्पीड़न के आरोपी को पुलिस हिरासत से ले गए। कांग्रेस ने इसे राज्य सरकार के ‘‘अपराधी बचाओ’’ मिशन के तहत किया गया कार्य करार दिया।
राहुल और प्रियंका ने राज्य सरकार के खिलाफ ट्वीट किया और साथ ही मीडिया की उन रिपोर्ट को भी टैग किया जिनमें दावा किया गया है कि भाजपा के एक विधायक, उनका बेटा और उनके समर्थक एक महिला के उत्पीड़न के आरोपी को शनिवार को पुलिस हिरासत से ले गए। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘कैसे यह शुरू हुआ:‘बेटी बचाओ। और कैसे यह चल रहा है: अपराधी बचाओ’।’’
How it started: बेटी बचाओ
How it’s going: अपराधी बचाओ pic.twitter.com/N7IsfU7As5
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 18, 2020
प्रियंका ने घटना पर मीडिया में आई एक खबर को साझा करते हुए ट्वीट किया, ‘‘क्या यूपी के सीएम बताएंगे कि यह किस मिशन के तहत हो रहा है। बेटी बचाओ या अपराधी बचाओ।’
क्या यूपी के सीएम बताएंगे कि यह किस ‘मिशन’ के तहत हो रहा है? बेटी बचाओ या अपराधी बचाओ? https://t.co/fpMMiE2MSd
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) October 18, 2020
प्रियंका के ट्वीट पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भारतीय जनता पार्टी नेता के विजय बहादुर पाठक ने ट्वीट कर कहा कि उत्तर प्रदेश में अपनी सक्रियता बनाने के लिए प्रियंका गांधी राज्य की घटनाओं को लेकर सरकार पर हमलावर हैं, लेकिन जिस तरह से महिला सशक्तीकरण और राज्य में विकास की रूपरेखा और बेरोजगारों को रोज़गार देने का काम हो रहा है, उस पर उनकी नजर नहीं जाती है।
गौरतलब है कि कांग्रेस राज्य में कथित तौर पर महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को ले कर राज्य सरकार को लगातार कठघरे में खड़ा कर रही है। इनमें हाल ही में हाथरस में एक दलित महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार और उसकी मौत का मामला मुख्य रूप से शामिल है।