लोग LDF, UDF से तंग आ चुके हैं, भाजपा का विकास का एजेंडा चाहते हैं: मोदी


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल में सत्तारूढ़ एलडीएफ और विपक्षी गठबंधन यूडीएफ पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि लोग दोनों मोर्चों से तंग आ चुके हैं और भाजपा का विकास एजेंडा चाहते है।


भाषा भाषा
दक्षिण भारत Updated On :

कोनी (केरल)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल में सत्तारूढ़ एलडीएफ और विपक्षी गठबंधन यूडीएफ पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि लोग दोनों मोर्चों से तंग आ चुके हैं और भाजपा का विकास एजेंडा चाहते है।

मोदी ने पथनमथिट्टा जिले के कोनी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘लोग संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) से कह रहे है कि बस अब बहुत हो गया। केरल के लोग भाजपा और राजग के विकास एजेंडा को देख रहे हैं। वे हमारे कार्यक्रमों और नीतियों से जुड़ रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि पेशेवर समुदाय भाजपा की प्रशंसा करते हुए कह रहा है कि पार्टी प्रगतिशील है और शिक्षित लोगों को राजनीति में ला रही है। उन्होंने ‘मेट्रोमैन’ ई श्रीधरन का उदाहरण दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कैसे पेशेवर समुदाय भाजपा की प्रशंसा कर रहा हैं। वे कह रहे हैं कि भाजपा राजनीति में प्रगतिशील और शिक्षित लोगों को लाने के लिए खड़ी है।’’

मोदी ने कहा, ‘‘मेट्रोमैन ई श्रीधरन जैसे सम्मानित पेशेवर की सक्रिय उपस्थिति केरल की राजनीति में एक ‘गेम चेंजर’ रही है। एक ऐसा व्यक्ति जिसने वर्षों में इतना कुछ हासिल किया, जिसने भारत की प्रगति को तेजी से आगे बढ़ाया और समाज की सेवा करने के साधन के रूप में भाजपा को पसंद किया।’’

उन्होंने कहा कि केरल की जनता ने तय किया है कि इस बार वे भाजपा और राजग के साथ हैa। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत ‘स्वामी शरणम अयप्पा’ का तीन बार उद्घोष करके की।



Related