रायपुर। बिहार और छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों का निशुल्क टीकाकरण करने का फैसला किया है। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री ने ये जानकारी दी है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घोषणा की है कि छत्तीसगढ़ में 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी लोगों को निशुल्क टीका लगाया जाएगा।
मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, ‘‘अपने नागरिकों की जीवन रक्षा के लिए हम हरसंभव कदम उठाएंगे। केंद्र सरकार से अनुरोध किया गया है कि छत्तीसगढ़ में पर्याप्त संख्या में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करें।’’ अधिकारियों ने बताया कि 45 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को टीके की प्रथम खुराक देने में छत्तीसगढ़ का स्थान पूरे देश में चौथा है। वहीं साठ वर्ष और उससे अधिक आयुवर्ग के टीकाकरण में छत्तीसगढ़ पूरे देश में लद्दाख, राजस्थान, सिक्किम और त्रिपुरा के बाद पांचवें स्थान पर है।
छत्तीसगढ़ में 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन का भुगतान राज्य सरकार करेगी।
अपने नागरिकों की जीवन रक्षा के लिए हम हर संभव कदम उठाएंगे।
केंद्र सरकार से अनुरोध है कि वह पर्याप्त संख्या में वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करे।
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) April 21, 2021
दूसरी ओर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को घोषणा की कि राज्य सरकार 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी प्रदेशवासियों का निशुल्क टीकाकरण कराएगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद ट्वीट करके ये जानकारी दी। शुरूआत एक मई से की जाएगी और इसका सारा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी।
18 वर्ष एवं इससे ऊपर के सभी बिहार वासियों का मुफ्त टीकाकरण राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।
— Nitish Kumar (@NitishKumar) April 21, 2021
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ट्वीट किया ‘‘18 वर्ष एवं इससे ऊपर के सभी बिहार वासियों का मुफ्त टीकाकरण राज्य सरकार द्वारा किया जाएगा।’’ उन्होंने कहा कि इसकी शुरूआत एक मई से की जाएगी और इसका सारा खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। बिहार में 45 वर्ष से ऊपर के 75671 लोगों ने टीका लगवाया और प्रदेश में अबतक 6267491 लोग टीका लगवा चुके हैं ।









